रायपुर। गर्मी के सीजन में रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल अंतर्गत अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी के लिए किए जा रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते जिन यात्री ट्रेनों को पूर्व में निरस्त या आंशिक रूप से निरस्त किया गया था, उन्हें अब चरणबद्ध तरीके से पुनः बहाल किया जा रहा है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मेमू और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है। बहाली 10 और 11 अप्रैल 2026 के दौरान अलग-अलग ट्रेनों के लिए लागू की गई है।

इन ट्रेनों का परिचालन हुआ बहाल

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार रायगढ़–बिलासपुर, बिलासपुर–रायगढ़, रायपुर–गेवरारोड, कोरबा–रायपुर, बिलासपुर–कोरबा समेत कई महत्वपूर्ण रूटों पर चलने वाली मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को उनके निर्धारित समयानुसार पुनः चलाया जाएगा।

इनमें गाड़ी संख्या 68737/68738 (रायगढ़–बिलासपुर–रायगढ़), 68736/68735, 68746/68745 (रायपुर–गेवरारोड–रायपुर), 58204/58203 (रायपुर–कोरबा–रायपुर) सहित अन्य कई ट्रेनें शामिल हैं, जिन्हें 10 और 11 अप्रैल को अलग-अलग तिथियों में बहाल किया गया है।

शॉर्ट टर्मिनेटेड ट्रेनें भी फिर से पूरी दूरी तक चलेंगी

गोंदिया–झारसुगुड़ा–गोंदिया रूट पर चलने वाली मेमू ट्रेन (68861/68862), जो पहले शॉर्ट टर्मिनेट की गई थीं, अब 10 और 11 अप्रैल को अपने पूर्ण मार्ग पर संचालित होंगी।

हसदेव एक्सप्रेस भी चलेगी एक्सप्रेस के रूप में

रेलवे प्रशासन ने यह भी जानकारी दी है कि 10 और 11 अप्रैल को कोरबा–रायपुर–कोरबा के बीच चलने वाली 18250/18249 तथा 18252/18251 हसदेव एक्सप्रेस को एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में संचालित किया जाएगा।

यात्रियों के लिए जरूरी सूचना

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले गाड़ियों की अद्यतन स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा NTES या 139 से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी कार्य के पूरा होने के साथ ही रेल संचालन अब धीरे-धीरे सामान्य स्थिति की ओर लौट रहा है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H