अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते हुए तेज गेंदबाज और बिहार के लाल आकाश दीप के लिए खुशियों का दोहरा मौका है। एक तरफ जहां वे वैवाहिक जीवन में प्रवेश करने की तैयारी कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ बिहार सरकार ने उन्हें पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर नियुक्त कर राज्य का मान बढ़ाया है। यह सम्मान मिलने के बाद से उनके पैतृक गांव और पूरे सासाराम में उत्सव का माहौल है।
दोहरी खुशी का मौका
आकाश दीप के लिए यह हफ्ता बेहद खास रहा है। आगामी 24 जून को आकाश दीप शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। अपनी जीवन की इस नई शुरुआत से ठीक पहले सरकार द्वारा मिला यह सम्मान उनके और उनके परिवार के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है। क्रिकेट के मैदान पर अपनी रफ्तार से विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान करने वाले आकाश दीप अब वर्दी में बिहार की सेवा करते नजर आएंगे।
मुख्यमंत्री का दौरा और सम्मान
आकाश दीप को यह सम्मान मिलने की पृष्ठभूमि में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम रहा। बीते मंगलवार 16 जून को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विशेष रूप से सासाराम के शिवसागर थाना क्षेत्र स्थित बड्डी गांव पहुंचे थे। उन्होंने आकाश दीप के घर जाकर उनसे मुलाकात की थी। उपमुख्यमंत्री के इस दौरे के ठीक तीन दिन बाद सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए उन्हें डीएसपी पद की जिम्मेदारी सौंपी।
प्रशंसकों में उत्साह
बिहार सरकार के इस फैसले की चौतरफा सराहना हो रही है। सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय स्तर तक, उनके प्रशंसक और खेल प्रेमी इस निर्णय से बेहद खुश हैं। लोगों का मानना है कि यह सम्मान न केवल आकाश दीप की मेहनत का फल है, बल्कि यह राज्य के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा बनेगा। आकाश दीप ने अपनी गेंदबाजी से जो पहचान बनाई, अब वह बिहार पुलिस में भी अपनी कार्यकुशलता साबित करेंगे। सासाराम का यह गौरवशाली क्षण निश्चित रूप से जिले के इतिहास में दर्ज हो गया है।

