Bihar Top News Today 19 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 19 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

IAS योगेश सागर और अभिलाषा के घर रेड

Bihar news: बिहार में चर्चित टेंडर घोटाले की जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई ने प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। ​SVU की टीम ने पटना में आईएएस योगेश सागर और अभिलाषा शर्मा के आवासों पर दबिश दी। योगेश सागर के गर्दनीबाग स्थित आईएएस कॉलोनी आवास (E-2/10) पर सुबह से ही टीम दस्तावेजों को खंगालने में जुटी है। वहीं अभिलाषा कुमारी शर्मा के नेहरू पथ स्थित आवास पर जब टीम पहुंची तो घर पर ताला लगा था। इसके बाद जांच एजेंसी ने अत्यंत सावधानी बरतते हुए स्टाफ के कमरे के रास्ते से घर में प्रवेश किया।
​सुरक्षा के लिहाज से इन ठिकानों के बाहर एटीएस (ATS) के जवानों को तैनात किया गया है ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने। छापेमारी के दौरान दोनों आईएएस अधिकारी अपने आवासों पर मौजूद नहीं थे।

विदेश में ठेकुआ का जलवा

पटना। ​प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्लोवाकिया यात्रा के दौरान एक बेहद सुखद और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षण देखने को मिला। प्रधानमंत्री ने स्लोवाकिया के संसद अध्यक्ष रिचर्ड राशी को बिहार और झारखंड की पहचान महापर्व छठ का पवित्र प्रसाद ठेकुआ भेंट स्वरूप प्रदान किया। यह न केवल एक उपहार है बल्कि भारतीय संस्कृति और बिहार की समृद्ध विरासत का विश्व पटल पर एक गौरवशाली संदेश भी है।

मढ़ौरा के इंजन अब केन्या की पटरियों पर दौड़ेंगे

पटना। केंद्रीय रेल, संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव शुक्रवार को पटना पहुंचे। पटना हवाई अड्डे पर पत्रकारों से औपचारिक बातचीत के दौरान उन्होंने बिहार में जारी रेल विकास परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। रेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार बिहार के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ​रेल मंत्री ने जानकारी दी कि वर्तमान में बिहार में रेलवे की विभिन्न परियोजनाओं पर 1 लाख 15 हजार करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट खर्च किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि बिहार में रेलवे का विस्तार रिकॉर्ड गति से हो रहा है और राज्य को लगातार पर्याप्त बजट आवंटन मिल रहा है, जिससे यहां की कनेक्टिविटी का चेहरा बदल रहा है।

रेल मंत्री ने तीन नई ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

छपरा। भारतीय रेल के आधुनिकीकरण और बिहार के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक दिन रहा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने छपरा जंक्शन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और प्रत्यक्ष उपस्थिति के माध्यम से कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जो इस क्षेत्र के यात्रियों के लिए दिल्ली और अन्य प्रमुख शहरों तक की दूरी को और आसान बनाएगा।

भरत एनकांउटर पर सियासत तेज

पटना। भोजपुर जिले में एक कथित पुलिस एनकाउंटर का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अश्विनी कुमार चौबे ने इस पूरी घटना को लोकतंत्र को शर्मसार करने वाला और हत्या करार दिया है। उन्होंने सीधे तौर पर पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

पति-पत्नी को बंधक बनाकर 25 लाख की डकैती

नालंदा। जिले के परवलपुर थाना क्षेत्र के गागोबिगहा गांव में कल गुरुवार (18 जून) की देर रात हुई बड़ी चोरी की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। हथियारबंद अपराधियों ने एक किसान के घर में धावा बोलकर करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के दौरान अपराधियों ने पति-पत्नी को बंधक बना लिया और विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट भी की।

आर्केस्ट्रा के नाम पर नाबालिगों का शोषण!

मोतिहारी। जिला पुलिस ने श्रम विभाग और मानव तस्करी निरोध इकाई के साथ मिलकर छौड़ादानो थाना इलाके में बड़ी कार्रवाई की है। इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान टीम ने 23 नाबालिक लड़की और एक नाबालिक लड़के को मुक्त कराया है। वही तीन आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार भी किया गया है।

लौंडा डांसर की गोली मारकर हत्या

गोपालगंज। जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां कटेया थाना क्षेत्र के पटोहवा गांव में एक शादी समारोह के दौरान बेखौफ बदमाशों ने एक ‘लौंडा डांसर’ की पेट में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस वक्त हुई जब डांसर ने बदमाशों द्वारा जबरन सुनसान जगह पर ले जाने का विरोध किया। गंभीर रूप से घायल डांसर को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।​
इस वारदात के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

पिकअप चालक को मारी गोली, 1 लाख लूटकर हुए फरार

गोपालगंज। जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बेलगाम अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए एक पिकअप चालक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश गाड़ी में रखे करीब एक लाख रुपये लूटकर बड़े आराम से मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना विजयीपुर थाना क्षेत्र के पगरा रोड स्थित खजूआ मोड़ के पास की है। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

​मुर्गा व्यापार की आड़ में शराब का अवैध साम्राज्य

आलम/​मोतिहारी/पूर्वी चंपारण। बिहार में पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के दावों के बीच, शराब तस्करों ने तस्करी के नए और चौंकाने वाले तरीके ईजाद कर लिए हैं। ताजा मामला पूर्वी चंपारण जिले के कोटवा थाना क्षेत्र का है, जहां उत्पाद विभाग की टीम ने मुर्गा (चिकन) ढोने वाले वाहन की आड़ में हो रही भारी मात्रा में विदेशी शराब की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने लगभग 10 लाख रुपये मूल्य की ब्रांडेड विदेशी शराब जब्त की है और दो शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।