अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। बिहार के लाल और भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज आकाशदीप के लिए आज का दिन बेहद ऐतिहासिक और गौरवशाली है। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी मेडल लाओ, नौकरी पाओ योजना के तहत आज उन्हें पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पद का नियुक्ति पत्र सौंपा जा रहा है। राजधानी पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति में उन्हें यह सम्मान प्राप्त हो रहा है।
गोपालगंज के मुकेश कुमार को भी मिलेगा डीएसपी का पद
इस विशेष योजना के तहत केवल आकाशदीप ही नहीं, बल्कि गोपालगंज के रहने वाले प्रतिभाशाली भारतीय क्रिकेटर मुकेश कुमार को भी डीएसपी पद का नियुक्ति पत्र प्रदान किया जा रहा है। बिहार सरकार के इस कदम से राज्य के खिलाड़ियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और खेल जगत से जुड़ी प्रतिभाओं को प्रशासनिक पदों पर सम्मान मिलने का यह एक नया दौर शुरू हुआ है।
पैतृक गांव और सासाराम में जश्न का माहौल
इस बड़ी उपलब्धि के बाद आकाशदीप के गृह जिले सासाराम और उनके पैतृक गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। हालांकि उनके परिवार के सदस्य इस गौरवशाली पल के साक्षी बनने के लिए फिलहाल उनके साथ पटना में मौजूद हैं, लेकिन उनके घर और गांव में चाहने वालों का तांता लगा हुआ है।
आकाशदीप के भाई-बंधुओं और स्थानीय शुभचिंतकों का कहना है कि आज का दिन सासाराम के लिए गर्व करने वाला है। सरकार की इस बेहतरीन योजना का लाभ जब आकाशदीप जैसे प्रतिभाशाली और मेहनती खिलाड़ी को मिल रहा है, तो इससे आने वाली युवा पीढ़ी को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। स्थानीय लोगों ने मिठाइयां बांटकर और आतिशबाजी कर इस खुशी का इजहार किया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिखेर चुके हैं जलवा
आपको बता दें कि आकाशदीप ने अपनी मेहनत के दम पर भारतीय क्रिकेट टीम में अपनी एक खास जगह बनाई है। वह भारत के लिए टेस्ट, वनडे और टी20 फॉर्मेट तीनों प्रारूपों में अपना शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। अपनी घातक गेंदबाजी के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और बिहार दोनों का नाम रोशन किया है। एक साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर इस मुकाम तक पहुंचने वाले आकाशदीप आज देश के लाखों युवाओं के लिए एक मिसाल बन चुके हैं। बिहार सरकार द्वारा डीएसपी बनाए जाने के बाद अब वह खेल के मैदान के साथ-साथ प्रशासनिक सेवा में भी अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं, जिससे उनके प्रशंसकों में और भी अधिक उत्साह है।


