सतीश सिंह, सहारनपुर. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भ्रष्टाचार भाजपा सरकार की संस्कृति बन गई है. अयोध्या में रामधन की लूट को भगवान और देश की जनता माफ नहीं करेगी. भाजपा के लोगों ने प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावे की चोरी की. मंदिर के बाहर बैठे भिखारी भी मंदिर में चोरी नहीं करते, लेकिन भाजपा के लोगों ने रामधन लूटने का महापाप किया है.

बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर सहारनपुर पहुंचे अखिलेश यादव के दौरे की शुरुआत राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रूद्रसेन के आवास पर आयोजित कार्यक्रम से हुई. यहां मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण सहित हर विभाग में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है. अग्निवीर योजना के जरिए युवाओं के साथ धोखा किया गया. प्रदेश का नौजवान दस साल से नौकरी-रोजगार के लिए भटक रहा है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अग्निवीर योजना समाप्त कर सेना में पक्की नौकरी चाहती है. छात्रों-नौजवानों के लिए स्पोर्ट्स सिटी बने और योग्यता के अनुसार रोजगार मिले.

इसे भी पढ़ें : ‘नाम बदलने से समस्या खत्म नहीं होती’, गोरखपुर में चंद्रशेखर आजाद का बड़ा हमला, बोले- शहर बदहाल…

अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में सपा सरकार बनने पर युवाओं को खेल सुविधाएं और सरकारी नौकरी दी जाएगी तथा गन्ना किसानों को 24 घंटे में भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा. उन्होंने निर्माण कार्यों में 60 प्रतिशत तक कमीशन, एक्सप्रेसवे पर गड्ढे, गंगा एक्सप्रेसवे और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की खराब हालत का जिक्र करते हुए कहा कि सपा सरकार में सहारनपुर के शैखुल हिन्द मेडिकल कॉलेज में कैंसर सेंटर खोला जाएगा.

भाजपा लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण के खिलाफ

जेपीएनआईसी (JPNIC) को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा ने जयप्रकाश नारायण को बेच दिया है और सरकारी संस्थान बेचने को लेकर बदनाम हो चुकी है. आरक्षण पर उन्होंने स्पष्ट किया, “आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण रहेगा. भाजपा लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण के खिलाफ है.अखिलेश यादव ने दावा किया कि जनता भाजपा को समझ चुकी है और विधानसभा चुनाव में उसे हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी.