लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा किए गए कथित पोस्ट को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर भाजपा सांसद को 10 मिनट के भीतर कथित “झूठा पोस्ट” हटाने की चेतावनी दी और कहा कि ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

बता दें कि निशिकांत दुबे ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार टिन्नू यादव व टीपू की जोड़ी करार दिया था। अखिलेश यादव के बचपन का नाम टीपू है। सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों के संवैधानिक अधिकार समान हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सांसद ने पीडीए समाज को बदनाम करने और अपमानित करने के उद्देश्य से झूठा प्रचार किया है। उन्होंने कहा कि जो भी लोग इस कथित पोस्ट को सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं, वे भी इसे तत्काल हटाएं और सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें।

READ MORE: जो इस पाप से जुड़ा है… रामधन गबन मामले में ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की प्रतिक्रिया, कही ये बात

सपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी झूठे प्रचार के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेगी और पीडीए समाज एकजुट होकर इसका जवाब देगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को भी चेतावनी देते हुए कहा कि अदालतों में वर्षों तक मुकदमे लड़ने की नौबत आने पर कोई साथ नहीं देगा।

READ MORE: यूपी में तीसरे मोर्चे पर चंद्रशेखर का फोकस, बोले- एनडीए और इंडी से अलग दलों को लाएंगे एक मंच पर

एक अन्य पोस्ट में अखिलेश यादव ने अयोध्या में कथित राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि “चढ़ावा-दान चोरों का गिरोह” जनता के आक्रोश से भयभीत है। उन्होंने दुनिया भर के रामभक्तों, सनातनियों, अयोध्या के संतों, भारत का सर्वोच्च न्यायालय, लोकसभा अध्यक्ष और अयोध्या की जनता से इस मामले का संज्ञान लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को टैग करते हुए अपनी प्रतिक्रिया साझा की है।