लखनऊ। समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा राज में जनता बुरी तरह परेशान है। महंगाई आसमान छू रही है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है। परीक्षाओं के पेपर बराबर लीक हो रहे हैं। जो परीक्षाएं हो गई उनके परिणाम नहीं आ रहे हैं। उनमें तमाम तरह की अनियमितताएं पाई जाती है। किसान को फसल की लागत भी नहीं मिल रही है। खाद और बीज के लिए वह दर-दर भटक रहा है। डीएपी, एनपीके आदि उर्वरक कालाबाजारी में ही मिलते है।
भाजपा सरकार में किसानों की आय दोगुनी हुई नहीं
अखिलेश यादव ने कहा कि सच तो यह है कि भाजपा सरकार में किसानों की आय दोगुनी हुई नहीं, उसके आश्वासन झूठे ही साबित हुए। जातिवाद और भ्रष्टाचार चरम पर है। थाना-तहसील से लेकर कलेक्ट्रेट तक कहीं किसी की सुनवाई नहीं। मुख्यमंत्री जी बयानवीर बन गए हैं। भीषण गर्मी के इन दिनों में जनता में बिजली के लिए हाहाकार मचा है। भाजपा नेतृत्व किसी भी समस्या का समाधान नहीं कर पा रही है। जब एक भी बिजली घर भाजपा राज में नहीं बना तो बिजली कहां से मिलेगी? भाजपा राज में एक भी यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं हुआ।
READ MORE: नेहरू और मोदी की तुलना पर बोले अविमुक्तेश्वरानंद, कहा- कार्यकाल लंबा नहीं, उपलब्धियां बड़ी होनी चाहिए
मुख्यमंत्री जी के बुलडोजर की चाभी पहुंच गई
भाजपा ने लोकतंत्र की गरिमा को नश्ट करने में कोई कर नहीं छोड़ी है। उत्तर प्रदेश में एक तरह से अपराधियों के हाथ में ही मुख्यमंत्री जी के बुलडोजर की चाभी पहुंच गई है। प्रतापगढ़ में पुलिस चौकी के बगल में ही दबंगो द्वारा बुलडोजर चलाकर मकान दुकान गिराना बेहद शर्मनाक है। भाजपा सरकार में अराजकता को संरक्षण मिला हुआ है। अभी गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक बेटी के साथ जब अन्याय हुआ तो पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे समाजवादी प्रतिनिधिमंडल पर घेर कर हमला किया गया। पुलिस मूकदर्शक बनी रही। भाजपा सरकार संरक्षित अवांछित तत्वों के बल पर न्याय मांगने वालों के मुंह बंद करना चाहती है। इसमें प्रशासन के भी कुछ तत्व साथ दे रहे हैं।
READ MORE: बलरामपुर को बड़ी सौगात: CM योगी ने 294 करोड़ लागत की विभिन्न परियोजनाओं का किया लोकार्पण
सच तो यह है कि उत्तर प्रदेश प्रगति में आगे बढ़ने के बजाय पीछे जा रहा है। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। शिक्षा स्वास्थ्य की व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। प्रदेश में कहीं से निवेश नहीं आ रहा है। किसानों के हित में एक्सप्रेस-वे के किनारे समाजवादी सरकार ने मंडियां बनाई थी। भाजपा सरकार ने मंडियो का काम रोक दिया। उत्तर प्रदेश में पीडीए एकजुट होकर भाजपा को हटाने के लिए तैयार है। जनता भाजपा सरकार से मुक्ति चाहती है। जनता 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रही है जब वह वोट के अधिकार से भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा देगी।

