लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति और कई घोषणाओं का जिक्र किया. उन्होंने चुनाव आयोग और भाजपा पर मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप लगाए. अखिलेश ने कहा कि 2022 में सपा के वोट काटे गए, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने सतर्कता के साथ बेहतर प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा कि 2027 में सपा हर विधानसभा सीट पर अपने वोट 27 हजार बढ़ाने का प्रयास करेगी और भाजपा के कथित 27 हजार फर्जी वोट कम कराएगी.
इसे भी पढ़ें- ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश पर हमला, बोले- ‘गठबंधन नहीं, ठगबंधन’; कांग्रेस नेताओं पर भी साधा निशाना
‘2024 में हराया था, 2027 में भी हराएंगे’
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराया और 2027 में भी मुकाबले के लिए संगठन को मजबूत किया जाएगा. उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से हर विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं के बीच जाकर संपर्क बढ़ाने की बात कही. इससे पहले भी वह हर सीट पर 27 हजार वोट बढ़ाने का लक्ष्य बता चुके हैं.
चुनाव आयोग और वोटर लिस्ट पर लगाए आरोप
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में लगातार समाजवादी पार्टी के समर्थक मतदाताओं के नाम काटे गए. उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने निजी कंपनियों के जरिए गांव-गांव फॉर्म-7 भेजे और सपा कार्यकर्ताओं ने ऐसे मामलों को पकड़ा. अखिलेश ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए.
खिलाड़ियों और कलाकारों के लिए 21 लाख की घोषणा
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर खिलाड़ियों और कलाकारों को 21 लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी. उन्होंने यश भारती सम्मान को फिर से शुरू करने की बात कही. उनके मुताबिक, इस सम्मान के तहत मिलने वाली मासिक राशि को 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें- CM योगी की ‘पाती’ में भगत सिंह का जिक्र, युवाओं से जाति-पाति और नशे पर कही बड़ी बात
INDIA गठबंधन की बैठक में नहीं जाएंगे
अखिलेश यादव ने बताया कि वह 30 सितंबर को होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होंगे. उन्होंने कहा कि उस दिन उनका पहले से तय कार्यक्रम है और इस बारे में कांग्रेस अध्यक्ष से उनकी बातचीत हो चुकी है. उनकी जगह सपा के वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल होंगे. रिपोर्टों के मुताबिक, बैठक में चुनावी मुद्दों और मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है.


