लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अब अयोध्या में रामलला के दर्शन करने जाएंगे. वह 12 दिसंबर को अपनी पत्नी डिंपल यादव और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचेंगे. इसकी जानकारी सपा नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडे ने दी है. अखिलेश यादव के इस दौरे पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने बहुत देर कर दी है. अब ट्रेन छूट चुकी है.

इसे भी पढ़ें- सनसनीखेज वारदात: महिला बॉक्सर का शव मिलने से हड़कंप, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे अखिलेश

सपा नेता पवन पांडे ने बताया कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचेंगे. इस दौरान उनके साथ पत्नी डिंपल यादव और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहेंगे. सभी लोग रामलला के दर्शन करेंगे. पवन पांडे को अखिलेश यादव का करीबी माना जाता है. आगामी विधानसभा चुनाव में अयोध्या सदर सीट से उनकी उम्मीदवारी का भी ऐलान हो चुका है.

ब्रजेश पाठक ने दिलीप दोषी का उदाहरण देकर कसा तंज

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर एक टीवी कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से सवाल पूछा गया. इस पर उन्होंने पूर्व क्रिकेटर दिलीप दोषी का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि दिलीप दोषी जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आए, तब उनकी उम्र ज्यादा हो चुकी थी. इसलिए उन्हें खेलने के ज्यादा मौके नहीं मिले. उस समय कहा गया था कि देर आए, दुरुस्त आए.

‘बहुत देर कर दी हुजूर आते-आते’

ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा, ‘अखिलेश यादव के लिए तो यह कहा जाएगा कि बहुत देर कर दी हुजूर आते-आते. अब ट्रेन छूट चुकी है, तुम घर जाओ.’ बीजेपी नेता के इस बयान को अखिलेश यादव के रामलला दर्शन को लेकर सियासी हमला माना जा रहा है. भाजपा पहले भी इस मुद्दे पर सपा प्रमुख को घेरती रही है.

इसे भी पढ़ें- UP के 28 लाख कर्मचारियों-पेंशनर्स की बल्ले-बल्ले, योगी सरकार ने दिया दिवाली का बंपर गिफ्ट

अयोध्या और वाराणसी दौरे पर उठे थे सवाल

अखिलेश यादव पहले भी अयोध्या जा चुके हैं. हालांकि, उस दौरान उन्होंने रामलला के दर्शन नहीं किए थे. वह पवन पांडे के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. इसके बाद वाराणसी दौरे पर भी उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन नहीं किए थे. इसको लेकर भाजपा नेताओं ने सवाल उठाए थे. अब 12 दिसंबर को प्रस्तावित रामलला दर्शन के कार्यक्रम पर एक बार फिर यूपी की राजनीति गरमा गई है.