लखनऊ. उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने दिवाली पर सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ा तोहफा दिया है. सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है. अब कर्मचारियों को 60 प्रतिशत के बजाय 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा. यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से लागू होगी. इसका फायदा प्रदेश के करीब 28 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलेगा.

बढ़े हुए DA का भुगतान नवंबर की सैलरी के साथ किया जाएगा. वहीं, जुलाई से अक्टूबर तक का एरियर कर्मचारियों के PF खाते में जमा होगा. पेंशनर्स का बकाया पैसा उनके पेंशन खाते में भेजा जाएगा. सरकार के इस फैसले से लाखों परिवारों को राहत मिलेगी.

यह भी पढ़ें- तारीख पक्की, तैयारी तेज : रामलला के दर्शन करने अयोध्या आ रहे अखिलेश, पूर्व मंत्री ने किया डेट का खुलासा

28 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स को फायदा

प्रदेश में करीब 16 लाख सरकारी कर्मचारी और 12 लाख पेंशनर्स हैं. इस फैसले से सभी को लाभ मिलेगा. राज्य कर्मचारियों के अलावा सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों और नगर निकायों के कर्मचारियों को भी बढ़े हुए DA का फायदा मिलेगा. सरकार ने इसे 1 जुलाई से लागू करने का फैसला किया है.

30 हजार बेसिक सैलरी पर हर महीने 900 रुपये बढ़ेंगे

DA की गणना कर्मचारी की बेसिक सैलरी के आधार पर होती है. उदाहरण के लिए, अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 30 हजार रुपये है तो 60 प्रतिशत DA के हिसाब से उसे 18 हजार रुपये मिलते थे. अब 63 प्रतिशत DA के हिसाब से यह रकम 18,900 रुपये हो जाएगी. यानी हर महीने 900 रुपये की बढ़ोतरी होगी. इसी तरह एक लाख रुपये बेसिक सैलरी वाले कर्मचारी को हर महीने 3 हजार रुपये ज्यादा मिलेंगे. अधिक बेसिक सैलरी वाले कर्मचारियों को इससे ज्यादा लाभ होगा.

इसे भी पढ़ें- धनतेरस के दिन 8 साल की बच्ची से दरिंदगी के बाद हत्या, पिता के साथी ने किया घिनौना काम

2026 में दूसरी बार बढ़ा महंगाई भत्ता

योगी सरकार ने इससे पहले मई 2026 में DA में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी. उस समय महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत किया गया था. अब 3 प्रतिशत की नई बढ़ोतरी के बाद यह 63 प्रतिशत हो गया है. इस तरह 2026 में कर्मचारियों और पेंशनर्स के DA में कुल 5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है.

दिवाली पर बोनस का भी मिला था तोहफा

इससे दो दिन पहले सरकार ने कर्मचारियों को 30 दिन के बोनस की सौगात दी थी. वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पात्र कर्मचारियों को अधिकतम 6,908 रुपये बोनस मिलेगा. इसमें 75 प्रतिशत रकम PF खाते में जमा होगी, जबकि 25 प्रतिशत नकद दी जाएगी.