बुलंदशहर. उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां 8 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई. आरोपी बच्ची को गोलगप्पे खिलाने के बहाने घर से बाहर ले गया था. इसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया. पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है.
इसे भी पढ़ें- भाजपा सरकार के मंत्री जी साफ कर दें कि… ‘मिड-डे मील’ के खाने को लेकर अखिलेश ने उठाए सवाल, कही 3 करोड़ जनता के हक छिनने की बात
गोलगप्पे खिलाने के बहाने घर से ले गया
घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र की है. पुलिस के मुताबिक, धनतेरस के दिन शुक्रवार (6 नवंबर 2026) दोपहर आरोपी राजू कश्यप (36) बच्ची को गोलगप्पे खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया. वह बच्ची के पिता के साथ एक फैक्ट्री में काम करता था. आरोपी और बच्ची का परिवार एक ही बिल्डिंग में रहते थे. आरोपी अपनी पत्नी के साथ उसी इमारत में रहता था.
खाली प्लॉट में वारदात को दिया अंजाम
आरोप है कि आरोपी बच्ची को घर से करीब 500 मीटर दूर एक खाली प्लॉट में ले गया. वहां उसके साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद लोहे की रॉड से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया.
देर तक घर नहीं लौटी तो शुरू हुई तलाश
बच्ची काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. पुलिस ने जांच शुरू की. शनिवार रात करीब दो बजे बच्ची का शव बरामद किया गया. इसके बाद परिवार को घटना की जानकारी दी गई.
इसे भी पढ़ें- पंचायत चुनाव पर ओपी राजभर का ऐलान, पहले पिछड़ों का आरक्षण होगा तय
आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें गठित
एसपी सिटी अभिषेक प्रताप के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं. उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पुलिस आरोपी की पत्नी से भी पूछताछ कर रही है. पोस्टमॉर्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया. परिवार मूल रूप से बदायूं का रहने वाला है. परिजन शव लेकर बदायूं रवाना हो गए, जहां बच्ची का अंतिम संस्कार किया जाएगा.

