लखनऊ. केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का वीडियो शेयर कर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री जी ये भी साफ़ कर दें कि क्या अब बच्चों को ‘मिड-डे मील’ का खाना नहीं परोसा जाएगा, क्योंकि वो तो वयस्क हुए नहीं हैं, तो फिर उनका वोटर आईडी या एपिक नंबर कहां से आएगा. ये तो लाभार्थी योजना ही है.

आगे उन्होंने कहा कि इसका मतलब तो ये भी हुआ कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जी के द्वारा दिए गए आंकड़े के अनुसार अब उत्तर प्रदेश के 1 करोड़ 27 लाख बहुसंख्यक वोटर लाभार्थी नहीं रहेंगे और इसमें अगर अन्य हटाए जा रहे नामों को भी जोड़ दिया जाए तो ये आंकड़ा लगभग 3 करोड़ जनता का हक़-अधिकार छीन लेगा क्योंकि SIR के बाद इतने नाम हटने का समाचार है. साथ ही जिन सीनियर सिटीज़न बुज़ुर्गों की बहुत ज़्यादा उम्र होने पर फ़िंगरप्रिंट या आंख की समस्या होने पर आइरिस से बायोमेट्रिक संभव नहीं होता, उनसे सरकारी योजनाओं का लाभ छीन लिया जाएगा.

इसे भी पढ़ें- अमित शाह के लिए धनतेरस के दिन…गृहमंत्री के दौरे को लेकर कांग्रेस प्रभारी का तीखा हमला, जानिए कुमारी शैलजा ने ऐसा क्या कहा?

आगे अखिलेश ने कहा कि दरअसल भाजपा वोट के बहाने एक बड़ी साज़िश कर रही है. हर पीडीए प्रहरी से अपील है कि केंद्रीय मंत्री जी का ये वीडियो दिखाकर जनता को बताए कि कैसे भाजपा सरकारी योजनाओं का लाभ हड़पने की कोशिश कर रही है. इसीलिए वोट बनना कितना ज़रूरी है. पीडीए प्रहरी उनका वोट बनवाए और उन्हें भाजपा की षड्यंत्रकारी सरकार हटाने के लिए अपनी ‘पीडीए सरकार’ बनाने का संकल्प दिलवाए.

आगे उन्होंने कहा कि अयोध्या के ‘राम मंदिर में चोरी’, साथ ही ‘भगवान राम व भगवान कृष्ण’ पर की गई एक ‘दुष्मुखी’ तथाकथित उपदेशक की हालिया टिप्पणी के बाद जिस तरह से सनातन समाज भाजपा से बुरी तरह नाराज़ है, उसी डर से भाजपा अब SIR के माध्यम से उस आहत सनातन समाज को ही वोटर लिस्ट से हटा रही है, जो आगामी चुनावों में भाजपा को हराने और हमेशा के लिए हटाने के लिए कमर कसे बैठा है.

इसे भी पढ़ें- अमित शाह जी को जवाब देना चाहिए! अंकिता भंडारी केस को लेकर गणेश गोदियाल ने गृहमंत्री को घेरा, 2 काम करने की दे डाली सलाह

अखिलेश यादव ने कहा कि दरअसल SIR नागरिकता छीनने का एक बहुत बड़ा षड्यंत्र है. ये षड्यंत्रकारी भाजपाई वोटर लिस्ट से नाम काटने के बाद आम जनता को नागरिक नहीं मानेंगे और जनता की ज़मीन, खेत, जायदाद, धन-संपत्ति, मिल्कियत, बैंक के पैसे, बैंक लॉकर में रखा बहुमूल्य सामान, गहना-ज़ेवर, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, डिग्री, पासपोर्ट, जाति प्रमाणपत्र, मैरिज सर्टिफ़िकेट, आरक्षण, कॉलोनी-आवास, शौचालय, गैस सब्सिडी व स्कूल में दाख़िले-दोपहर के भोजन व अस्पताल में भर्ती व राशन-पानी जैसे अन्य तरह के बाकी सारे अधिकार भी छीन लेंगे.

अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि वोटर लिस्ट के बहाने जनता को परेशान करने की ख़बरें भाजपा शासित महाराष्ट्र, बिहार, बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात व गोवा तक से लगातार आ रही हैं और बढ़ती भी जा रही हैं. जहां अधिकार भी छीने जा रहे हैं और वोट पाने की विभिन्न योजनाओं के नाम पर दिए पैसे वसूलने के लिए महिलाओं तक पर मुक़दमे किए जा रहे हैं. जिसका सबसे अधिक शिकार शोषित, वंचित, ग़रीब ‘पीडीए’ समाज ही हो रहा है. सच तो ये है कि भाजपा ने अपने मूल समर्थक भी खो दिए हैं, इसीलिए भाजपा ‘वोट’ से नहीं ‘खोट’ से चुनाव जीतने की महा-साज़िश में लगी है. अब भाजपा हमेशा के लिए हारेगी!