देहरादून. अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अमित शाह पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का देहरादून दौरा पूरी तरह राजनीतिक मकसद से था, लेकिन उनका यह दौरा निरर्थक और निष्फल साबित हुआ. अमित शाह जी को परेड ग्राउंड की रैली से उत्तराखंड की जनता को यह जवाब देना चाहिए था कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP के रूप में नाम सामने आने वाले व्यक्ति को राज्यपाल बनाया जाना उत्तराखंड की मातृशक्ति के साथ कैसा न्याय है?

इसे भी पढ़ें- झूठ बोलने के लिए थैंक्यू अमित शाह जी! गृहमंत्री को हरीश रावत की खुली चुनौती, जानिए क्यों कही राजनीति छोड़ देने की बात

आगे गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने जनता के भरोसे का निर्वहन नहीं किया. यही वजह है कि प्रदेश की जनता में भाजपा के प्रति गहरा रोष और उदासीनता है. रैली में जनता का उत्साह जगाने की उनकी तमाम कोशिशें नाकाम रहीं. धार्मिक ध्रुवीकरण के सहारे कांग्रेस और विपक्ष को घेरने की कोशिश भी सफल नहीं हुई. धनतेरस के दिन पलटन बाजार बंद रखने के आदेशों ने भी सरकार की तानाशाही मानसिकता को उजागर किया है.

इसे भी पढ़ें- शीतकाल के लिए बंद हुए तृतीय केदार तुंगनाथ के कपाट, तीन पड़ावों से गुजरेगी बाबा की डोली

गणेश गोदियाल ने ये भी कहा कि चुनाव नजदीक हैं, इसलिए भाजपा के दौरे बढ़ेंगे, लेकिन अमित शाह जी को अभी भी समय रहते दो काम करने चाहिए, अंकिता भंडारी हत्याकांड में VIP के रूप में नाम सामने आए व्यक्ति को राज्यपाल पद से हटाएं और अग्निवीर योजना को समाप्त कर सेना में नियमित भर्ती बहाल करें.