लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की सांगीतिक विरासत को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने भाजपा पर कला और कलाकारों के खिलाफ संकीर्ण सोच रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता में आने पर सपा सरकार बिस्मिल्लाह खान की सांगीतिक धरोहर को संरक्षित करने के लिए ‘श्रवण-संग्रहालय’ बनाएगी. अखिलेश ने इसे लेकर भाजपा की सोच को घोर निंदनीय बताया है.
अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा कि ‘जिनके लिए शहनाई नहीं बजी, उनसे और क्या उम्मीद करना? भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के संगी-साथी ‘कला और कलाकारों’ के हमेशा खिलाफ रहते हैं क्योंकि इन पुरातनपंथी-रूढ़िवादियों की ये संकरी मानसिकता होती है कि रचनात्मक लोग ही समाज में परिवर्तन की भूमि और भूमिका बनाते हैं. सकारात्मक कला सहृदयता को जन्म देती है और सहनशीलता को भी. इसीलिए कला के हर रूप को ये अपने एजेंडे के रास्ते में रोड़ा मानते हैं या फिर कला को अपने एजेंडे के लिए इस्तेमाल करके उसको नकारात्मक बना देना चाहते हैं.’
इसे भी पढ़ें : तारीख पक्की, तैयारी तेज : रामलला के दर्शन करने अयोध्या आ रहे अखिलेश, पूर्व मंत्री ने किया डेट का खुलासा
‘जिनके आगे ‘भारत रत्न’ लगा हो उनकी मिलीजुली विरासत को ध्वस्त करना, उनके मान-सम्मान के साथ-साथ ‘भारत’ के मान को भी ध्वस्त करने के समान है. भाजपा नफरत की आग में जलकर देश को नुकसान पहुंचा रही है. सरकार में आने पर हम ‘भारत रत्न बिस्मिल्लाह खान’ जी की सांगीतिक धरोहर को बचाने के लिए ‘श्रवण-संग्रहालय’ बनाएंगे घोर निंदनीय.’

