फतेहपुर जिले में एमएलसी चुनाव की वोटिंग के दौरान खागा तहसील के विजयीपुर विकास खंड में उस समय अफरातफरी मच गई, जब समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए. दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद जमकर हाथापाई हुई, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसे लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है.

अखिलेश ने एक्स पर लिखा कि ‘लगता है चुनाव आयोग को नींद की गोली खिलाकर, एमएलसी चुनाव के मतदान केंद्र पर, ये भाजपाई और उनके संगी-साथी फतेहपुर में बूथ लूटने आए हैं. आज चुनाव आयोग का अवकाश का दिन है क्या? चुनाव आयोग से कोई अपील नहीं क्योंकि अपील उससे की जाती है जिससे कोई उम्मीद हो. हम पूरे प्रदेश में ऐसे वीडियो रिकॉर्ड कर रहे हैं व इनके आधार पर चुनाव व्यवस्था में घपलाकर रहे अधिकारियों पर एफआइआर करवाएंगे चाहे वो चुनाव आयोग के अधिकारी-कर्मचारी हों या उप्र प्रशासन के. घोर निंदनीय.

इसे भी पढ़ें : हार के डर से भाजपा…विधान परिषद चुनाव में वोटिंग को लेकर अखिलेश यादव ने लगाया बड़ा आरोप, जानिए ऐसा क्या कह गए सपा सुप्रीमो

बता दें कि मतदान के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई थी. इस दौरान समाजवादी पार्टी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मतदान केंद्र पर फर्जी वोटिंग कराई जा रही है. विवाद बढ़ने पर सपा नेता नरेश कोरी और विजयीपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि व बीजेपी नेता आदित्य त्रिवेंद्र तथा उनके समर्थक आमने-सामने आ गए.