सतीश सिंह, लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को भाजपा सरकार पर पूरे सिस्टम को भ्रष्ट बनाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि हर विभाग और हर काम में भ्रष्टाचार और लूट व्याप्त है.

अखिलेश यादव ने कन्नौज में पुलिस की गाड़ी से हुए दुर्घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें सोने की तस्करी का खुलासा हुआ है. उनके अनुसार, टक्कर के बाद कार सवार भागने लगे तो पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ा. तलाशी में गाड़ी से एक-एक किलो के 26 सोने के बिस्किट मिले, लेकिन केवल 10 किलो के बिस्किट ही दिखाए गए. उन्होंने इसे दस दिखाया, सोलह गटकाया कहकर भाजपा सरकार की पुलिस की माया बताया. उन्होंने कहा कि कहीं पुलिस दिखाए गए बिस्किटों को भी पीली धातु बताकर सरकारी हिसाब में दर्ज न कर ले और बाद में पीतल के बिस्किट से बदलकर बाकी सोने के बिस्किट भी गटक न जाए. अखिलेश यादव ने कहा कि नेपाल से गोरखपुर और गोरखपुर से दिल्ली यही डबल इंजन सरकार के डबल गोरखधंधे का असली रास्ता है.

इसे भी पढ़ें : स्कूल खोजकर लाओ, 1 लाख ले जाओ: शिक्षा व्यवस्था को लेकर संजय सिंह का चौंकाने वाला खुलासा, BJP पर 90 हजार से अधिक स्कूलें बंद करने का आरोप

अखिलेश यादव ने कहा कि यह कोई एक मामला नहीं है. भाजपा सरकार में ऊपर से नीचे तक धांधलेबाजी, कमीशनखोरी और लूट चल रही है. झूठे केस, झूठे आरोप और फर्जी एनकाउंटर से पुलिस की छवि बर्बाद की जा रही है. अन्य विभागों में भी भारी भ्रष्टाचार हो रहा है.

उन्होंने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उदाहरण देते हुए कहा कि चार हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत में बने इस एक्सप्रेसवे में गड्ढे और सड़क टूटने के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं. यही हाल सरकार में बने अन्य एक्सप्रेसवे और सड़कों का है. अखिलेश यादव के मुताबिक, सरकार में चौतरफा बजट का बंदरबांट और लूट जारी है. प्रयागराज में कुंभ समेत कुल करीब एक लाख करोड़ रुपये का बजट खर्च हुआ होगा, लेकिन वहां मोहल्ले-मोहल्ले जलभराव से लोग त्रस्त हैं.