लखनऊ. आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में एक चौंकाने वाले मामले का खुलासा किया. उन्होंने आरोप लगाया कि जौनपुर जिले के पांच प्राथमिक विद्यालय सरकारी रिकॉर्ड (यू-डाइस पोर्टल) पर ‘ऑपरेशनल’ दिखाए जा रहे हैं, लेकिन जमीन पर उनका कोई अस्तित्व नहीं है. संजय सिंह ने चुनौती दी कि जो कोई भी इनमें से किसी एक स्कूल को खोजकर दिखा देगा, उसे वे अपनी तनख्वाह से एक लाख रुपये नगद इनाम देंगे.

इसे भी पढ़ें- पति और प्रेमी दोनों के साथ रहना चाहती है महिला, दोनों को लेकर पहुंची थाने; बोली- ‘एक ही छत के नीचे रहेंगे’

प्राथमिक विद्यालय ढालगर टोला, प्राथमिक विद्यालय मिसिरपुर कन्या, कंपोजिट विद्यालय गदन अर्ज़नी, प्राथमिक विद्यालय उर्दू बाज़ार और प्राथमिक विद्यालय बाग हासिम. उन्होंने नगर शिक्षा अधिकारी की चिट्ठी का हवाला देते हुए कहा कि इन स्कूलों की इमारत का पता नहीं चल रहा और जमीन पर कब्जा हो चुका है. योगी सरकार में चंदा चोरी, जमीन चोरी और चीनी चोरी के बाद अब ‘स्कूल चोरी’ का नया मॉडल सामने आया है. उन्होंने कहा कि यू-डाइस पर ये स्कूल चल रहे हैं, लेकिन हकीकत में न शिक्षक हैं, न बच्चे और न बिल्डिंग.

सच उजागर करने वालों पर कार्रवाई कर रही सरकार

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सच उजागर करने वालों पर कार्रवाई कर रही है. नोएडा में स्कूल की बदहाली दिखाने पर आप यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह और हरदोई में कार्यकर्ता फिरोज़ सिद्दीकी पर एफआईआर दर्ज की गई. संजय सिंह ने कहा कि एफआईआर उन अधिकारियों और डीएम पर होनी चाहिए जिन्होंने मिड-डे मील का पैसा खाया और स्कूलों को बर्बाद किया. अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो मैं धारा 156(3) के तहत कोर्ट जाकर भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराऊँगा.

इसे भी पढ़ें- अहिरों-अशफाकों के प्रिय अखिलेश जी, आप… आरक्षण को लेकर ओपी राजभर का करारा तंज, जानिए सपा सुप्रीमो को लेकर ऐसा क्या कहा?

प्रदेश में 90 हजार स्कूल बंद

‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत उन्होंने अवध, रुहेलखंड और ब्रज प्रांतों के स्कूलों की वीडियो रिपोर्ट भी जारी की. प्रतापगढ़, सिद्धार्थनगर और सोनभद्र में छतें गायब बताई गईं, बरेली, बदायूँ और बिजनौर में बच्चे कीचड़-गंदगी में बैठने को मजबूर बताए गए और आगरा, फिरोजाबाद और हाथरस में स्कूलों के गेट पर कूड़े के ढेर और ढही हुई इमारतें बताई गईं. उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में 90 हजार से अधिक सरकारी स्कूल बंद कर दिए हैं. संजय सिंह ने जनता से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के खराब स्कूलों के वीडियो हेल्पलाइन नंबर 8382928009 पर व्हाट्सएप करें. उन्होंने योगी आदित्यनाथ से कहा कि पूँजीपतियों पर खर्च करने के साथ-साथ गरीब बच्चों की शिक्षा पर भी ध्यान दें और स्कूलों को ठीक करवाएं.