सीतापुर. उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के महमूदाबाद में एक अनोखा पारिवारिक विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है. यहां एक महिला अपने पति और कथित प्रेमी दोनों को लेकर कोतवाली पहुंच गई. महिला ने पुलिस के सामने इच्छा जताई कि वह पति और प्रेमी दोनों के साथ एक ही छत के नीचे रहना चाहती है. महिला के पति से उसके दो बच्चे भी हैं.

मामला महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के फुलवारीपुर गांव का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, शुभम वर्मा की पत्नी अंजू और नितिन विश्वकर्मा के बीच संबंधों को लेकर पिछले कुछ समय से परिवार में विवाद चल रहा था. मामला बढ़ने के बाद तीनों कोतवाली पहुंच गए.

इसे भी पढ़ें- भाषा के बहाने बांट रही BJP! मुंबई के ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए मराठी भाषा अनिवार्य करने पर भड़के अखिलेश, घेरते हुए दिया बड़ा बयान

महिला बोली- छह महीने पहले ही परिवार को बता दिया था

अंजू का कहना है कि उसने करीब छह महीने पहले ही अपने मायके और ससुराल वालों को नितिन के साथ संबंधों के बारे में बता दिया था. महिला के मुताबिक, उस समय परिवार की ओर से कहा गया था कि वह प्रेमी के साथ कहीं न जाए और इसी घर में तीनों साथ रहें. अंजू ने आरोप लगाया कि अब दोनों परिवार उसके रिश्ते का विरोध कर रहे हैं. इसी वजह से मामला पुलिस तक पहुंचा.

‘पति के सामने मंदिर में नितिन से शादी की’

अंजू ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि उसने अपने पति शुभम की मौजूदगी में नितिन के साथ मंदिर में शादी की है. उसका कहना है कि शुभम और नितिन के बीच भी अच्छे संबंध हैं और दोनों एक-दूसरे को भाई मानते हैं. अंजू के मुताबिक, वह पति और नितिन दोनों के साथ रहना चाहती है. उसने यह भी कहा कि अगर उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो उसकी दोनों बहनें और जीजा जिम्मेदार होंगे.

पति भी पत्नी और प्रेमी के साथ रहने को तैयार

बताया जा रहा है कि महिला का पति शुभम भी पत्नी और नितिन के साथ रहने के लिए तैयार है. हालांकि परिवार के अन्य सदस्य इस व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं. इसी वजह से कोतवाली में काफी देर तक विवाद और बातचीत का दौर चलता रहा.

पुलिस ने समझाने का किया प्रयास, नहीं बनी सहमति

मामले की जानकारी मिलने के बाद महमूदाबाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने पारिवारिक विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की, लेकिन फिलहाल दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी है.

इसे भी पढ़ें- ‘अद्भुत, अकल्पनीय!’ जब काशी की दिव्यता देख मंत्रमुग्ध हो गए जापानी मेहमान; तस्वीरें देख आप भी कहेंगे ‘हर-हर महादेव

वहीं, पति, पत्नी और कथित प्रेमी के इस विवाद की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है. सोशल मीडिया पर भी मामले से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों की बात सुनी जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.