लखनऊ. सपा प्रमुख अखिलेश यादव राम मंदिर में हुए गबन को लेकर लगातार ट्रस्ट और भाजपा को घेर रहे हैं. एक बार फिर उन्होंने मामले में ट्रस्ट को आड़े हाथों लिया है. अबकी बार उन्होंने जांच पर भी सवाल उठाए हैं. इतना ही नहीं उनका कहना है कि ‘चढ़ावे-चंदे-दान-शिला चोरी’ की घटना के बाद से यहां आनेवाले दर्शनार्थियों की संख्या पर नकारात्मक असर पड़ा है. अखिलेश ने जांच की डेली ब्रीफिंग होने की मांग भी की है.

अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा कि ‘अयोध्या महापापियों के लिए कुरुक्षेत्र साबित होगी. यहीं भाजपाई राजनीति का आरंभ हुआ था, यहीं अंत भी होगा. अयोध्या में ‘चढ़ावे-चंदे-दान-शिला चोरी’ की घटना के बाद से यहां आनेवाले दर्शनार्थियों की संख्या पर नकारात्मक असर पड़ा है. लोगों की आस्थाएं खंडित हुई हैं. इसका सीधा असर अयोध्या के स्थानीय काम-कारोबार और आम आदमी की आमदनी पर पड़ा है. सरकार की गलती का खामियाजा जनता क्यों भुगते. अयोध्या और आस-पास के सभी क्षेत्रों में भयंकर आक्रोश पनप रहा है. इस पावन सनातनी तीर्थ की शुचिता जिन भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों की वजह से कलुषित हुई है, वो अपना कारनामा करके सदैव की तरह भूमिगत हो गए हैं.’

इसे भी पढ़ें : सीएम के दौरे से दूर रहें..! अयोध्या दौरे पर रहेंगे योगी, डीएम ने चंपत राय को कहा- CM से बनाए रखें दूरी

अखिलेश ने आगे लिखा ‘अस्पष्टता के कारण वातावरण और भी शंकापूर्ण और तनावपूर्ण हो गया है. स्थानीय लोग मंदिर जाने से भी घबरा रहे हैं कि कहीं उनको ही जांच के नाम पर फंसा न दिया जाए. श्रद्धालुओं में एक अज्ञात भय व्याप्त हो गया है. जांच कहां तक पहुंची इसकी डेली ब्रीफिंग होनी चाहिए क्योंकि भाजपा सरकार में हो रहे ‘चतुर्दिक महा-भ्रष्टाचार’ के कारण जनता का SIT तक पर रत्ती भर भी विश्वास नहीं है. मथुरा से भी आई धांधली की खबर बेहद गंभीर है, उसकी भी उच्च स्तरीय विश्वसनीय जांच हो.’