लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार जनता के बीच पहुंच रहे हैं. इसी दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवती उनसे भावुक अंदाज में बातचीत करती नजर आ रही है.
इसे भी पढ़ें- गाजियाबाद में चाइनीज मांझे का खूनी खेल! युवक की गर्दन कटी, हाईवे पर तड़पकर मौत
वीडियो में युवती अखिलेश यादव से कहती है, “आप मेरी कान की बाली ले लो, लेकिन आप सरकार बनाओ.” युवती की इस बात पर अखिलेश यादव मुस्कुराते हुए जवाब देते हैं, “हां, जरूर बनाएंगे.” अखिलेश यादव ने खुद इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया है.
अखिलेश ने लिखा- बहनों का साथ पाएंगे, बनाएंगे PDA सरकार
अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि उन्हें अपनी बहनों का साथ मिलेगा और मिलकर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) सरकार बनाई जाएगी. वीडियो सामने आने के बाद सपा समर्थकों के बीच इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है. अखिलेश यादव इन दिनों यूपी चुनाव 2027 को लेकर लगातार दौरे कर रहे हैं. वह अलग-अलग जिलों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
जनसंपर्क अभियान में जुटे हैं सपा प्रमुख
सपा अध्यक्ष पहले ही संकेत दे चुके हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में वह कांग्रेस के साथ गठबंधन के साथ मैदान में उतर सकते हैं. चुनाव को देखते हुए अखिलेश यादव संगठन को मजबूत करने और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाने में लगे हैं. उनके कार्यक्रमों में युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों से संवाद पर खास जोर दिया जा रहा है.
भाजपा पर भी साधा निशाना
इससे पहले लखनऊ में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने देश की सीमाओं, विदेश नीति, आतंकवाद और नक्सलवाद जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा. अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को बताना चाहिए कि वर्ष 2014 से अब तक देश में क्या बदलाव हुआ है.
E20 पेट्रोल और महंगाई पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने पेट्रोल में E20 मिश्रण और बढ़ती महंगाई को लेकर भी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि आम जनता महंगाई से परेशान है और सरकार को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए. फिलहाल अखिलेश यादव का वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.


