लखनऊ. दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की. इसी बीच सपा सांसद प्रिया सरोज समेत पार्टी के कई नेताओं ने अखिलेश यादव की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है, जिसमें वह बिना अपनी पारंपरिक लाल टोपी के नजर आ रहे हैं. उनकी यह तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.

इसे भी पढ़ें- पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी अर्टिगा, 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत; 3 घायल

सफेद कुर्ता-पायजामा और काली सदरी में दिखे अखिलेश

तस्वीर में अखिलेश यादव सफेद कुर्ता-पायजामा, काली सदरी और गले में लाल गमछा पहने दिखाई दे रहे हैं. आमतौर पर प्रदर्शनों और प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश लाल टोपी में नजर आते हैं. ऐसे में उनका यह अलग अंदाज सपा समर्थकों को खासा पसंद आ रहा है.

प्रिया सरोज समेत कई नेताओं ने शेयर की फोटो

सपा सांसद प्रिया सरोज ने भी अखिलेश यादव की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की. इसके बाद पार्टी समर्थकों ने इसे जमकर शेयर किया. पोस्ट पर एक समर्थक ने लिखा, ‘पीडीए ने ली अंगड़ाई, बदलाव की आहट लाई, नई सुबह फिर लाई.’ वहीं, एक अन्य समर्थक ने अखिलेश यादव को 2027 का मुख्यमंत्री बताते हुए उत्साह जताया.

एयरपोर्ट लुक की भी हुई थी चर्चा

यह पहली बार नहीं है जब अखिलेश यादव के अलग लुक ने समर्थकों का ध्यान खींचा हो. कुछ महीने पहले उनका एयरपोर्ट लुक भी सोशल मीडिया पर चर्चा में आया था. उस दौरान भी समर्थकों ने उनकी तस्वीरों पर प्रतिक्रियाएं दी थीं. अखिलेश के साथ उनके पिता मुलायम सिंह यादव की पहचान भी लाल टोपी से जुड़ी रही है.

इसे भी पढ़ें- वृंदावन गुरुकुलम में 4 छात्रों की मौत, टैंक सफाई के दौरान जहरीली गैस से हादसे की आशंका

दिल्ली प्रदर्शन में चुनाव आयोग पर साधा निशाना

दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए. अखिलेश ने सवाल किया कि आयोग आखिर किसके इशारे पर काम कर रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग को भाजपा के इशारे पर काम नहीं करना चाहिए और उसका काम वोट बढ़ाना है.