सुल्तानपुर. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार (7 अक्टूबर) सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. लखनऊ से देवरिया जा रही अर्टिगा कार पीछे से ट्रक में जा घुसी. हादसे में कार सवार तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हैं. हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में सुबह करीब 5 बजे हुआ. पुलिस की शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने की वजह से हादसा होने की आशंका जताई गई है.
इसे भी पढ़ें- वृंदावन गुरुकुलम में 4 छात्रों की मौत, टैंक सफाई के दौरान जहरीली गैस से हादसे की आशंका
100 की रफ्तार में ट्रक से भिड़ी कार
बताया गया कि अर्टिगा कार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही थी. इसी दौरान कार पीछे से ट्रक में घुस गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए राहगीर और यूपीडा के सुरक्षाकर्मी जुट गए.
गेट तोड़कर निकाले गए घायल
कार के दरवाजे बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण राहगीरों और यूपीडा कर्मचारियों ने गेट तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजा गया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया.
तीन खिलाड़ियों की मौत, तीन घायल
मृतकों की पहचान देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है. घायलों में देवरिया के आनंद यादव (23), राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम निवासी जयंतो शर्मा (30) शामिल हैं. तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
इसे भी पढ़ें- नोएडा एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस में लगी आग, 32 यात्रियों ने भागकर बचाई जान
घायल ने बताया- सो रहे थे, टक्कर से खुली नींद
घायल जयंतो शर्मा ने बताया कि सभी लोग कार में सो रहे थे. अचानक जोरदार टक्कर हुई तो उनकी नींद खुल गई. उन्होंने देखा कि कार ट्रक में घुसी हुई थी और उनके साथी खून से लथपथ थे. राहगीरों ने दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला. पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है.

