Akshara Singh: बिहार में बाढ़ की मुश्किलों के बीच भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह भी प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आई हैं। आज मंगलवार को वह भोजपुर के शाहपुर पहुंचीं और दामोदरपुर बांध पर शरण लिए हुए बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और जरूरतमंदों के बीच राहत सामग्री बांटी। इस दौरान अक्षरा सिंह ने लोगों से बातचीत कर उनकी परेशानियों को समझने भी समझने का प्रयास किया।

बाढ़ पीड़ितो को दिलाया मदद का भरोसा

गौरतलब है कि बाढ़ के कारण कई परिवारों के सामने रहने, खाने-पीने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में अक्षरा सिंह ने प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उन्हें भरोसा दिलाया कि वह इस मुश्किल समय में उनकी मदद के लिए जो कुछ संभव होगा, वह जरूर करेंगी। राहत सामग्री मिलने पर स्थानीय लोगों ने भी उनका आभार जताया।

मैं बिहार के साथ खड़ी हूं- अक्षरा सिंह

बाढ़ प्रभावितों से मुलाकात और राहत सामाग्री बांटने के बाद अक्षरा सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस वक्त बिहार के कई लोग बेहद मुश्किल हालात से गुजर रहे हैं। उनके मुताबिक, लोग जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं और ऐसे समय में हर किसी को एक-दूसरे का साथ देना चाहिए।

अक्षरा ने कहा कि, मैं बिहार के साथ खड़ी हूं। मुझसे जितना संभव होगा, मैं लोगों की मदद करूंगी। मुझे लगता है कि हम एक-दूसरे का साथ देंगे, तभी हमारा बिहार बेहतर बनेगा।

शादी को लेकर सवाल पूछने पर भड़कीं

इस दौरान एक पत्रकार ने अक्षरा सिंह से उनकी शादी को लेकर सवाल पूछा की वे शादी कब करेंगी। शादी का सवाल सुनते ही अक्षरा सिंह कुछ देर के लिए हैरान रह गईं और फिर पत्रकार को सवाल और समय का ध्यान दिलाते हुए कहा कि, इतनी आपदा में, इस दुखद घटना के बाद यहां लोग खाने के लिए तरस रहे हैं और आपको मेरी शादी की चिंता पड़ी हुई है। कमाल की बात है। इस सवाल के लिए आपको अलग से मुझे बधाई और अवॉर्ड देना चाहिए। कमाल के हैं आप।

ये भी पढ़ें- UGC रोलबैक की मांग को लेकर छपरा में सड़कों पर उतरा सवर्ण समाज, BJP को दी परिणाम भुगतने की चेतावनी