पंकज श्रीवास्तव, छपरा। जिले में आज मंगलवार (15, सितंबर) को सवर्ण समाज की ओर से UGC रोलबैक को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर कचहरी रेलवे स्टेशन से हजारों की संख्या में लोग एकत्र हुए और विरोध मार्च करते हुए जिले के प्रमुख सड़कों से होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचे और वहां पर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

UGC को वापस लेने की मांग

UGC रोलबैक और एससी-एसटी एक्ट में बदलाव की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे सवर्ण समाज में काफी आक्रोश देखने को मिला। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपनी भड़ास निकालते हुए नजर आए। इस दौरान लोगों ने भाजपा पर भी जमकर निशाना साधा और कहा कि, UGC कानून सवर्ण समाज के लिए एक काला कानून है और इस कानून को बीजेपी जल्द से जल्द वापस ले अन्यथा पूरे भारत में बड़ा आंदोलन होगा और भाजपा को इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।

भाजपा को दी परिणाम भुगतने की चेतावनी

कई लोगों ने इस कानून पर आपत्ति जताते हुए कहा कि, इस UGC बिल के कई नियम सवर्ण समाज के विरोध में है और इससे सवर्ण समाज के बच्चों के भविष्य पर काफी असर पड़ेगा। इस विरोध मार्च में शामिल लोगों ने स्पष्ट रूप से कहा कि एससी-एसटी कानून और आरक्षण पर एक बार फिर सरकार विचार करें। अन्यथा 2029 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की सरकार को सवर्ण समाज सबक सिखाएगी। गौरतलब है कि UGC बिल को लेकर बिहार में जगह-जगह सवर्ण समाज के लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।

ये भी पढ़ें- सासाराम मंडल कारा में कैदी की मौत, शराब पीने के मामले में दो दिन पहले ही हुई थी गिरफ्तारी