अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सासाराम के मंडल कारा में बंद एक कैदी की अचानक तबियत बिगड़ने से मौत हो गई। बताया जाता है कि दो दिन पूर्व रविवार को ही अमरजीत यादव को शराब पीने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। वह तिलौथू थाना क्षेत्र के रमडिहरा का रहने वाला था।
परिजन का आरोप है कि अमरजीत यादव की पहले से ही तबीयत खराब थी। इसके बावजूद उसका इलाज नहीं कराया गया। परिजनों के मुताबिक अमरजीत दूसरे राज्य में रहकर मजदूरी का करता था। हाल ही में वह अपने गांव आया हुआ था। आरोप है कि दो दिन पहले वह बगीचे में बैठकर अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने उसे पकड़ लिया था।
मृतक अमरजीत के पिता सुरेंद्र यादव का आरोप है कि उसके पुत्र की तबीयत पहले से खराब थी। वह पुलिस से गुहार लगाता रहा कि उसे इलाज की जरूरत है। इसके बावजूद उसका इलाज नहीं कराया गया। बाद में जब उसकी तबीयत बिगड़ी तो उसके साथ क्या किया गया? इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
उन्होंने बताया कि आज दोपहर के बाद तीन बजे गांव के चौकीदार ने उन्हें सूचित किया कि जेल में बंद उनके बेट की तबीयत बिगड़ी हुई है। बेटे के तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही जब वे लोग मंडल कारा पहुंचे, तो पता चला कि वह सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में है, जहां उसकी मौत हो चुकी है।
अमरजीत के मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, स्थानीय ग्रामीण और परिजनों में घटना को लेकर काफी आक्रोश है। ऐसे में भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात कर दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि अमरजीत की मौत कैसे हुई? पीएम रिपोर्ट के बाद ही इसकी वजह का पता चल सकेगा।
ये भी पढ़ें- रोहतास: मछुआरों के जाल में मछली की जगह फंसी बंदूके, हथियारों से भरा झोला देख उडे़ होश



