सुशीला देवी ,गुरुग्राम। गुरुग्राम के दौलताबाद गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शराब के नशे में शुरू हुआ पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि एक भाई ने अपने ही सगे भाई को ईंट और कस्सी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 31 मई 2026 को राजेंद्र पार्क थाना पुलिस को सूचना मिली कि दौलताबाद स्थित एक मकान में एक युवक मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। क्राइम सीन और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।
जांच में मृतक की पहचान 26 वर्षीय आशिष के रूप में हुई। परिजनों की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 जून को सेक्टर-106 प्लाजा क्षेत्र से आरोपी अमन (23) को गिरफ्तार कर लिया, जो मृतक का सगा भाई है।
शराब पीने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसका भाई आशिष शराब पीने का आदी था। घटना वाले दिन आशिष अपने एक साथी के साथ घर में शराब पी रहा था। जब अमन ने उस व्यक्ति को घर से जाने के लिए कहा तो दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया। गुस्से में बेकाबू हुए अमन ने पास पड़ी ईंट और कस्सी उठाकर आशिष के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से आशिष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस रिमांड पर आरोपी, हर पहलू की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। जांच अधिकारी घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद और शराब के नशे में हुए झगड़े से जुड़ा सामने आया है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि नशे और गुस्से का एक पल कैसे पूरे परिवार की जिंदगी तबाह कर सकता है।

