अलीगढ़. शहर को जल्द दो बड़ी स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है. नौरंगीलाल इनडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम और बाराद्वारी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स व मल्टीलेवल कार पार्किंग का उद्घाटन प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के हाथों कराया जाना प्रस्तावित है. दोनों परियोजनाओं का अधिकांश काम पूरा हो चुका है. प्रशासन अब उद्घाटन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है.

इसे भी पढ़ें- ‘आपदा में अकेले नहीं हो…’ चित्रकूट की बाढ़ में ग्राउंड पर उतरे CM योगी, पीड़ितों को देखते ही कर दिया ये बड़ा एलान

50 करोड़ में तैयार हुआ आधुनिक इंडोर स्टेडियम

रविवार(6 सितंबर 2026) को मंडलायुक्त ओपी आर्य ने नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के साथ दोनों परियोजनाओं का निरीक्षण किया. सबसे पहले करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नौरंगीलाल इनडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम का जायजा लिया गया. करीब छह हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में बने स्टेडियम में बास्केटबॉल, बैडमिंटन, स्वीमिंग, योग और जिम जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए आधुनिक सुविधाएं

स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग और लॉकर रूम बनाए गए हैं. वहीं अतिथियों, मीडिया और वीआईपी के लिए अलग कमरे की व्यवस्था की गई है. मंडलायुक्त ने अधिकारियों को परियोजना में बची छोटी-बड़ी कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए.

49.89 करोड़ की पार्किंग-शॉपिंग परियोजना भी तैयार

बाराद्वारी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मल्टीलेवल कार पार्किंग परियोजना पर करीब 49.89 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. पहले चरण में सात दुकानों का आवंटन कर 1.75 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया जा चुका है.

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों को सभी लंबित कार्य और औपचारिकताएं प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए. पीएमओ और मुख्यमंत्री कार्यालय से समन्वय कर उद्घाटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा गया.

इसे भी पढ़ें- रामलला के खजाने पर अब पूरे देश की नजर! रोज ऑनलाइन दिखेगा करोड़ों का दान, जानें ट्रस्ट के ये बड़े बदलाव

इसके अलावा मंडलायुक्त ने सीएम ग्रिड रामघाट रोड परियोजना का भी निरीक्षण किया. करीब 17.47 करोड़ रुपये की लागत से मीनाक्षी पुल से क्वारसी थाना तक 2.65 किलोमीटर सड़क बनाई गई है. अधिकारियों के मुताबिक, इससे यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ जलभराव की समस्या में भी राहत मिली है.