संजय वाणी, आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले की कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम मंगलवार को देखने को मिला, जहां आमतौर पर लोग अपनी समस्याएं लेकर जनसुनवाई में पहुंचते हैं, वहीं इस बार ग्राम गोलापलवी के भील फलिया के ग्रामीण शिकायत नहीं, बल्कि धन्यवाद और सम्मान लेकर कलेक्टर नीतू माथुर से मिलने पहुंचे।

दरअसल, आलीराजपुर जिले के विकासखंड सोंडवा अंतर्गत ग्राम पंचायत अम्बाजा के ग्राम गोलापलवी के भील फलिया निवासी श्री केवसीय पिता अगरिया ने पिछली जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत कर पेयजल संकट की गंभीर समस्या से अवगत कराया था। आवेदन में बताया गया था कि भील फलिया में 12 से 15 परिवार निवास करते हैं और पिछले करीब 10 वर्षों से पेयजल की भारी समस्या से जूझ रहे हैं। गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को लगभग 2 किलोमीटर दूर स्थित अम्बाजा गांव से पानी लाना पड़ता था। वहीं पशुओं को पानी पिलाने के लिए भी इतनी ही दूरी तय करनी पड़ती थी।

READ MORE: पुलिस का खौफ खत्म! नाबालिग के साथ कार में फिल्मी गानों पर तमंचा लहराते दिखा युवक, Video वारयल 

शिकायत प्राप्त होने पर कलेक्टर नीतू माथुर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री सुखराम मेडा को शीघ्र कार्रवाई कर समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देशों के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर भील फलिया में नवीन हैंडपंप स्वीकृत किया गया तथा उसका खनन कराया गया। हैंडपंप से पानी उपलब्ध होते ही वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान हो गया और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली।

समस्या के समाधान से खुश ग्रामीण मंगलवार को पुनः जनसुनवाई में पहुंचे और कलेक्टर का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने जनजातीय समाज की पारंपरिक सामग्री चोमल और टोकरी भेंट कर सम्मान किया। आदिवासी संस्कृति की अनूठी झलक तब देखने को मिली जब ग्रामीणों ने पारंपरिक टोकरी कलेक्टर के सिर पर सजाकर सम्मान व्यक्त किया और हाथों से तैयार चोमल भेंट किया।

READ MORE: भिंड की गोहद उप जेल से कैदी फरार: निर्माण कार्य में लगी सीढ़ी से दीवार फांदकर भागा, रेप केस में था बंद

ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से वे अपने फलिये में हैंडपंप की मांग कर रहे थे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया था। जनसुनवाई में आवेदन देने के बाद कलेक्टर द्वारा त्वरित संज्ञान लेकर कार्रवाई की गई, जिससे आज उनके घरों तक पानी पहुंच सका है। अब उन्हें प्रतिदिन लंबी दूरी तय कर पानी लाने की मजबूरी से राहत मिल गई है।

यह जनसुनवाई की एक ऐसी तस्वीर रही, जहां शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीण कुछ ही दिनों बाद समाधान मिलने पर धन्यवाद देने लौटे। ग्रामीणों ने कहा कि “कलेक्टर मैडम ने सिर्फ हमारी बात नहीं सुनी, बल्कि हमारी 10 साल पुरानी समस्या का समाधान भी कर दिखाया।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m