संजय वाणी, आलीराजपुर। जिले के जोबट नगर में एक शातिर चोर ने अनाज व्यापारी की दुकान को अपना निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये नकद पार कर दिए। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। दिनदहाड़े और सुनियोजित तरीके से हुई इस बड़ी चोरी के बाद से स्थानीय व्यापारियों और नगर में हड़कंप मच गया है।
ये भी पढ़ें: MP राज्य परिवहन प्राधिकरण के पुनर्गठन पर हाईकोर्ट की रोक, सरकार ने माना प्रक्रिया में कानूनी खामियां
दाल मिल रोड की घटना, व्यापारी के उड़े होश
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह वारदात जोबट नगर के व्यस्त इलाके दाल मिल रोड स्थित प्रसिद्ध अनाज व्यापारी प्रदीप फौजमल जैन की दुकान में हुई। अज्ञात चोर बेहद चालाकी से दुकान के अंदर दाखिल हुआ और वहां रखे करीब 20 लाख रुपये कैश लेकर रफूचक्कर हो गया। जब व्यापारी को गल्ले से इतनी बड़ी रकम गायब होने का पता चला तो वह परेशान हो गया।
CCTV फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही जोबट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। फुटेज में चोर की तस्वीर साफ नजर आ रही हैं। जिसके आधार पर पुलिस उसकी शिनाख्त करने और हुलिए का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
व्यापारियों में भारी आक्रोश और चिंता
जोबट नगर के बीचो-बीच स्थित अनाज दुकान में हुई इस बड़ी चोरी के बाद से स्थानीय व्यापारिक संगठनों और दुकानदारों में असुरक्षा और चिंता का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और इस मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: 7 साल बाद इंसाफ: मनुआभान टेकरी नाबालिग दुष्कर्म और हत्या के दोनों दोषियों को उम्रकैद
जांच में जुटी पुलिस, आरोपी की तलाश जारी
मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और कुछ अन्य महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस की अलग-अलग टीम आरोपी की तलाश में जुट गई हैं और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

