शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल की एक विशेष अदालत ने वर्ष 2019 के बहुचर्चित मनुभान टेकरी नाबालिग दुष्कर्म और हत्या मामले में करीब 7 साल लंबे इंतजार के बाद अपना ऐतिहासिक फैसला सुना दिया है। कोर्ट ने मामले के दोनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सख्त सजा सुनाई है। इस फैसले ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कानून के हाथ लंबे होते हैं और गुनाहगार चाहे कितनी भी कोशिश कर ले सजा से नहीं बच सकता।

ये भी पढ़ें: ‘मेरी 3 बेटियां हैं, बेटा कहां से लाऊं’? मेट्रो मुआवजे में भेदभाव पर महिला ने CM से लगाई गुहार, जांच का भरोसा

7 साल तक चला इंसाफ का संघर्ष

यह सनसनीखेज मामला कोहेफिजा थाना क्षेत्र की मनुआभान टेकरी का है। साल 2019 में हुई इस दरिंदगी के बाद से ही पीड़ित परिवार लगातार न्याय के लिए भटक रहा था। कानूनी प्रक्रियाओं और लंबी तफ्तीश के कारण फैसले में करीब 7 साल का वक्त लगा लेकिन अदालत के इस सख्त फैसले ने आखिरकार मासूम की आत्मा और उसके परिवार को तसल्ली दी है।

चचेरी बुआ के साथ घूमने गई थी 12 साल की मासूम

यह घटना तब हुई थी जब आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 12 साल की मासूम बच्ची अपनी चचेरी बुआ के साथ मनुआभान टेकरी घूमने गई थी। वहां दो युवकों ने मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। दोनों ने मासूम के साथ दुष्कर्म किया और फिर पकड़े जाने के डर से उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी।

CBI की पुख्ता जांच ने मुकाम तक पहुंचाया मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपी गई थी। सीबीआई ने बारीकी से साक्ष्य जुटाए और कोर्ट में वैज्ञानिक व तकनीकी सबूत पेश किए। करीब 7 साल तक चली लंबी अदालती कार्यवाही के दौरान सीबीआई द्वारा पेश की गई रिपोर्ट और गवाह ही दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने का सबसे बड़ा आधार बने।

ये भी पढ़ें: वन अमले पर हमले के 24 घंटे बाद बड़ा एक्शन: रेत माफियाओं के अवैध स्टॉक पर चला बुलडोजर, 530 घन मीटर रेत जब्त

जमानत पर बाहर घूम रहा आरोपी अब जेल में

इस लंबे समय का फायदा उठाकर मामले का एक आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आ गया था और खुलेआम घूम रहा था। लेकिन जैसे ही कोर्ट ने अपना अंतिम फैसला सुनाया, वैसे ही पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे कोर्ट परिसर से ही कस्टडी में ले लिया। उसकी जमानत रद्द कर तुरंत जेल भेज दिया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m