अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल में वन विभाग की टीम पर हुए हमले के बाद प्रशासन ने रेत माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। वन विभाग और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने सोहागपुर तहसील अंतर्गत ग्राम बिजौरी, बैगहा और नरवार क्षेत्र में छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित रेत के बड़े स्टॉक को जब्त कर नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान करीब 530 घन मीटर अवैध रेत को जब्त कर उसमें मिट्टी मिलाकर नष्ट कराया गया।
शहडोल मुख्यालय से लगे इन क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और भंडारण की शिकायतें मिल रही थीं। इसी बीच एक दिन पहले बिजौरी क्षेत्र में गश्त पर गई वन विभाग की टीम पर कथित रेत माफियाओं की ओर से हमला किए जाने का मामला सामने आया था। हमलावरों ने वन विभाग के शासकीय वाहन में तोड़फोड़ की थी और दो वनकर्मियों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया था। इतना ही नहीं, विभागीय अधिकारियों को भी निशाना बनाकर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया गया था।
ये भी पढ़ें: कमर्जी थाना प्रभारी पर जानलेवा हमला, उपद्रवियों ने किया धारदार हथियार से हमला, सिर पर आई गंभीर चोट, जाम खुलवाने टीम के साथ पहुंचे थे TI
घटना के बाद शहडोल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वहीं वन विभाग और खनिज विभाग ने संयुक्त रणनीति बनाकर अवैध रेत कारोबार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। संयुक्त टीम ने बिजौरी, बैगहा और नरवार में छापेमार कार्रवाई करते हुए अवैध रेत के स्टॉक को चिन्हित किया और मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई की।
ये भी पढ़ें: रेत माफिया के लालच ने ऐतिहासिक तवा पुल को किया ‘बीमार’, पिलर में आई गंभीर दरारें, भारी वाहनों की एंट्री पर रोक
इस बड़ी कार्रवाई के बाद क्षेत्र के रेत कारोबारियों और माफियाओं में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई साफ संकेत है कि सरकारी अमले पर हमला करने वालों को अब किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

