प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश में प्रेम संबंध का एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। लगभग 350 किलोमीटर की दूरी पर रह रहे एक युवक और युवती ने एक ही समय पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे और घटना से ठीक पहले शुक्रवार रातभर चैटिंग और बातचीत हुई थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि उज्जैन के पंवासा थाना क्षेत्र में रहने वाले 26 वर्षीय ऋषभ मीणा (मूल निवासी रायसेन जिले के बनखेड़ी गांव) ने किराए के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। ऋषभ एक सड़क निर्माण कंपनी में साइट इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। घटनास्थल से बरामद मोबाइल की जांच में पता चला कि आत्महत्या से ठीक पहले सुबह करीब 6 बजे उन्होंने अपनी प्रेमिका साक्षी को आखिरी कॉल की और फिर फोन को फ्लाइट मोड पर डाल दिया।
READ MORE: बेटे के वियोग में टावर पर चढ़ी महिला, लंबी मिन्नतों के बाद उतरी नीचे, जानें क्या है पूरा मामला
उधर, रायसेन जिले के उदयपुरा थाना क्षेत्र के चिल्ली सिलारी गांव में 23 वर्षीय साक्षी धाकड़ ने भी ठीक उसी समय (सुबह करीब 6 बजे) अपने नाना के घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। साक्षी मूल रूप से सिलवानी क्षेत्र की निवासी थीं, लेकिन बचपन से नाना के पास रह रही थीं। दोनों के गांवों की दूरी महज 5 किलोमीटर थी, लेकिन काम की वजह से ऋषभ उज्जैन में रह रहा था।
पुलिस की जांच में क्या सामने आया?
- मोबाइल चैट और फोटोज से प्रेम संबंध की पुष्टि हुई।
- ऋषभ ने आत्महत्या से पहले कई असफल प्रयास किए: हाथ की नस काटने की कोशिश, गले पर चाकू से वार, करंट लगाने का प्रयास (जिससे कमरे में शॉर्ट सर्किट भी हुआ)।
- अंत में फंदा लगाकर उन्होंने जीवन समाप्त किया।
- दोनों घटनाओं का समय लगभग एक जैसा होने से पुलिस ने इन्हें आपस में जोड़ा।
सीएसपी पुष्पा प्रजापति ने कहा कि “मामले की गहन जांच की जा रही है। कॉल डिटेल्स, मोबाइल चैट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अभी आत्महत्या के सटीक कारणों की पड़ताल जारी है।”

