संजीव घनगस ,सोनीपत। जिले के रामनगर क्षेत्र से अवैध कब्जे का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही प्लॉट पर कब्जा किए जाने और परिवार को जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है। घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पीड़िता सीमा के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2024 में कालूपुर इलाके में करीब 200 वर्ग गज का प्लॉट इकरारनामे के आधार पर खरीदा था और उस पर अपना कब्जा भी ले लिया था। शुरुआत में आसपास के कुछ लोगों ने उनसे खाली पड़े प्लॉट में अस्थायी रूप से वाहन खड़ा करने की अनुमति मांगी थी, जिसे उन्होंने आपसी विश्वास के चलते दे दिया।
प्रशासन से लगाई गुहार
आरोप है कि अब उन्हीं लोगों ने प्लॉट पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है और वहां स्थायी निर्माण भी शुरू कर दिया है। पीड़िता का कहना है कि प्लॉट पर कमरे, बाथरूम और सीढ़ियां तक बना दी गई हैं। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
महिला ने बताया कि इस संपत्ति को खरीदने में उनकी जीवन भर की जमा-पूंजी लगी है और अब वे न्याय के लिए भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अवैध कब्जा हटवाया जाए और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
इस घटना ने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, पीड़िता ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें जल्द न्याय नहीं मिला, तो वे कठोर कदम उठाने को मजबूर हो सकती हैं।

