कुलदीप सिंह, फतेहपुर. जिले के मलवां कस्बे में सोमवार को गैस सिलेंडर फटने से दो मंजिला मकान ढह गया था. हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन अन्य घायल हुए थे. इनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही थी और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था. युवक का नाम आलोक गुप्ता है. जिसकी इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई है.

हादसा मलवां कस्बा निवासी सुरेश गुप्ता उर्फ धुन्नर के मकान में हुआ था. सुरेश गुप्ता सब्जी और फल बेचने का काम करते हैं. परिजनों के मुताबिक, घर में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में विस्फोट हुआ, जिसके बाद मकान भरभराकर गिर गया. धमाके के बाद मकान के मलबे में परिवार के सदस्य दब गए. पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान चलाकर मलबे से लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया.

इसे भी पढ़ें : अवधेश-इमरान ने SIR पर EC को घेरा, ज्ञानेश कुमार को लेकर दिया बड़ा बयान

अस्पताल में सुरेश गुप्ता के बेटे कुनाल (19), भतीजे वेद (14), यश (8) और अर्पित (15) को मृत घोषित कर दिया गया. सुरेश गुप्ता (50), उनके भतीजे ओम (7) और भतीजी शिवानी (23) घायल हुए हैं. शिवानी को मामूली चोटें आई थीं और उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. वहीं सुरेश गुप्ता के भतीजे आलोक गुप्ता (25) की हालत गंभीर बताई जा रही थी. वह करीब 90 फीसदी झुलसा था. फतेहपुर के सीएमओ उदय भान सिंह ने हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि की है. पुलिस के मुताबिक, घायलों का उपचार कराया जा रहा है.

आसपास के घर प्रभावित

विस्फोट का असर आसपास के मकानों पर भी पड़ा. सुरेश गुप्ता के पड़ोसी महेश सिंह और प्रदीप सिंह के मकान प्रभावित हुए, जबकि अनमोल सिंह और रूपा सिंह के घरों की दीवारें ढह गईं. हादसे के समय महेश सिंह और प्रदीप सिंह के परिवार के सदस्य अपने घरों से बाहर थे. आसपास के कुछ मकानों की बीम भी विस्फोट के प्रभाव से प्रभावित हुई हैं, हालांकि इन मकानों में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

इसे भी पढ़ें : मेरठ में मस्जिद के सामने हनुमान चालीसा के ऐलान के बाद हड़कंप, केसरगंज मंडी में फोर्स तैनात

रात में भी रेस्क्यू

पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, स्थानीय लोगों ने पीआरवी को सिलेंडर विस्फोट की सूचना दी थी. पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, जिसके दौरान सात लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया. मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ को भी बुलाया गया है. रात में बचाव अभियान जारी रखने के लिए बिजली विभाग और स्थानीय स्तर पर रोशनी की व्यवस्था की जा रही है तथा अतिरिक्त बड़ी लाइटें भी मंगाई गई हैं.