मेरठ. केसरगंज मंडी स्थित मस्जिद के बाहर मंगलवार(29 सितंबर 2026) को हनुमान चालीसा पाठ के ऐलान के बाद मेरठ पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है. मस्जिद और आसपास के इलाके में पांच थानों की पुलिस तैनात की गई है. पुलिस ने केसरगंज मंडी के दोनों प्रवेश द्वारों पर बैरिकेडिंग कर दी है और स्थानीय लोगों की पहचान जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के बाद एहतियातन यह व्यवस्था की गई है.
इसे भी पढ़ें- BREAKING: पूर्व IAS दिव्या मित्तल की राजनीति में एंट्री, बोलीं- किसी दल…
पांच थानों की पुलिस तैनात, PAC भी पहुंची
मस्जिद और आसपास के इलाके में 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. PAC को भी मौके पर लगाया गया है. पुलिस लगातार गश्त कर रही है और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सामग्री पर नजर रख रही है. अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
दोनों गेटों पर बैरिकेडिंग, ID देखकर प्रवेश
केसरगंज मंडी में जाने वाले दोनों रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है. पुलिस स्थानीय लोगों की पहचान जांचने के बाद ही उन्हें अंदर जाने दे रही है. पुलिस का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है.
मस्जिद के मुतवल्ली ने SSP से की शिकायत
सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें हिंदू संगठन के नेता पिंकी चौधरी ने मस्जिद के बाहर मंगलवार को हनुमान चालीसा पाठ करने की घोषणा की थी. इसके बाद मस्जिद के मुतवल्ली जुबैर ने SSP कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी और कार्रवाई की मांग की.
इसे भी पढ़ें- गोरखपुर में CM योगी ने रवि किशन की ली चुटकी, बोले- बेटियां आगे थीं तो संकोच में भाषण पूरा नहीं दे पाए
पुलिस बोली- शांति व्यवस्था प्राथमिकता
SP सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और इलाके में गश्त बढ़ाई गई है. पुलिस गतिविधियों के साथ सोशल मीडिया कंटेंट पर भी नजर रख रही है. कैंट CO संजय गुप्ता ने लोगों से भ्रामक खबरों पर ध्यान नहीं देने की अपील की. पुलिस के मुताबिक, फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था कायम है.


