गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे. यहां दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में आयोजित बाल सम्मान समारोह में उन्होंने सांसद और अभिनेता रवि किशन की चुटकी ली. सीएम ने कहा कि सम्मान पाने वाले बच्चों में बेटियां आगे थीं और बेटे पीछे, इसलिए रवि किशन भी संकोच के कारण अपना भाषण पूरा नहीं दे पाए. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि रवि किशन को लगा होगा कि कहीं उन्हें फिर से ट्रोल न किया जाए. कार्यक्रम में सीएम ने बच्चों को कविता सुनाकर उनका उत्साह बढ़ाया.
इसे भी पढ़ें- UP में 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर, कुशीनगर में 1,400 परिवार प्रभावित; आज 17 जिलों में बारिश
‘बेटियां आगे थीं, इसलिए संकोच में थे रवि किशन’
सीएम योगी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सम्मान पाने वालों में बेटियों की संख्या अधिक रही. उन्होंने इसी संदर्भ में रवि किशन पर चुटकी लेते हुए कहा कि उन्हें लगा होगा कि बेटियां बाजी मार रही हैं और बेटे पीछे हैं. सीएम ने कहा कि बच्चों के सामने उनकी हिम्मत जवाब दे गई. योगी ने बच्चों से पूछा कि कितने लोग रवि किशन की तरह कलाकार बनना चाहते हैं. बच्चों के हाथ उठाने पर उन्होंने रवि किशन से कहा कि इन बच्चों को शूटिंग स्थल पर ले जाकर फिल्म निर्माण की प्रक्रिया दिखाएं. रवि किशन ने अगले महीने बच्चों को शूटिंग पर ले जाने की बात कही.
बच्चों से बोले- किताबें पढ़िए, सवाल करना सीखिए
मुख्यमंत्री ने बच्चों को कविता सुनाते हुए लगातार प्रयास करने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि छुट्टियों में बच्चों को घूमना चाहिए, रिश्तेदारों के घर जाना चाहिए और संभव हो तो देश भ्रमण करके नई चीजें सीखनी चाहिए. AI के बढ़ते इस्तेमाल का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि AI जवाब दे सकता है, लेकिन सवाल करना अच्छी किताबें सिखाती हैं. उन्होंने स्कूलों में हिंदी और अंग्रेजी के समाचार पत्र उपलब्ध कराने की जरूरत पर भी जोर दिया.
यूपी की अर्थव्यवस्था और रोजगार पर गिनाईं उपलब्धियां
सीएम योगी ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है. उन्होंने यूपी पुलिस में 2.30 लाख से अधिक भर्तियों का भी दावा किया. साथ ही कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या 103 थी, जो अब 24 हजार से अधिक हो गई है.
इसे भी पढ़ें- दीपक चाहर का वीडियो वायरल: लाखों के बैट हुए चोरी, परेशान होकर बोले- ‘योगी जी के पास जाऊं या मोदी जी के?’
उन्होंने यूपी की अर्थव्यवस्था के तीन गुना बढ़ने और प्रदेश के बीमारू राज्य की छवि से बाहर आने का भी दावा किया. नोएडा में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें 2,400 से अधिक प्रदर्शक और 90 देशों के खरीदार पहुंचे हैं. सरकारी यूपी स्टार्टअप मिशन के मुताबिक प्रदेश में 24,245 DPIIT-मान्यता प्राप्त स्टार्टअप दर्ज हैं.


