लखनऊ. उत्तर प्रदेश में बारिश थमने लगी है, लेकिन बाढ़ और जलभराव की मुश्किलें बनी हुई हैं. प्रदेश की 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. कई गांवों में पानी घुस गया है और रास्ते जलमग्न हैं. नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद कुशीनगर में गंडक (नारायणी) नदी उफान पर है. यहां दो गांवों के करीब 1,400 परिवार प्रभावित हुए हैं, जबकि 600 परिवार घर छोड़कर तटबंध पर शरण लेने को मजबूर हैं.

इसे भी पढ़ें- दीपक चाहर का वीडियो वायरल: लाखों के बैट हुए चोरी, परेशान होकर बोले- ‘योगी जी के पास जाऊं या मोदी जी के?’

गोंडा में 18 पुरवे बाढ़ के पानी से घिरे

गोंडा और बदायूं में कई छोटे पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है. लोग 2 से 3 फीट पानी के बीच से आवाजाही कर रहे हैं. गोंडा की तरबगंज तहसील में बाढ़ के हालात गंभीर हैं. यहां 26 में से 18 पुरवे (गांव का छोटा हिस्सा) बाढ़ के पानी से घिर गए हैं. मांझा इलाके में 5-6 घर नदी में बहने की जानकारी सामने आई है.

सीतापुर में सरायन और पिरई नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 30 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है. प्रभावित इलाकों में लोग ट्रैक्टर और जेसीबी की मदद से घरेलू सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं. उन्नाव में भी जलभराव के कारण कई लोग मकानों और दुकानों की छतों पर रहने को मजबूर हैं.

बदायूं में 70 साल पुरानी कोठी ढही

बदायूं में लगातार बारिश के बीच 70 साल पुरानी दो मंजिला कोठी अचानक भरभराकर गिर गई. पूरी इमारत करीब तीन सेकंड में जमींदोज हो गई. घटना का वीडियो भी सामने आया है. अमरोहा में भी जर्जर मकान की दीवार अचानक गिर गई.

बरेली में जल जीवन मिशन की पानी की टंकी से जुड़ा कमरा किच्छा नदी में समा गया. कुछ दिन पहले पानी की टंकी भी नदी के तेज बहाव में बह गई थी. संभल में खेत जलमग्न होने से धान समेत अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है.

मुरादाबाद में छत पर दिखे 3 तेंदुए

बारिश और बाढ़ के बीच मुरादाबाद से हैरान करने वाला मामला सामने आया. यहां एक मकान की छत पर एक साथ तीन तेंदुए दिखाई दिए. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. वहीं, बाराबंकी में सरयू नदी के कटान की चपेट में आई करीब 150 साल पुरानी मस्जिद बह गई. पास का मंदिर भी कटान के खतरे में बताया जा रहा है. बदायूं में अरिल नदी का पुल भी जलमग्न है. वहीं गोंडा में टेढ़ी नदी उफान पर है और चंदवतपुर घाट का पुल पानी में डूब गया है.

इसे भी पढ़ें- कचरे की प्लास्टिक से बन गई हाईवे की सड़क! IIT BHU के वैज्ञानिकों का कमाल, NH-44 पर हुआ हैरान करने वाला टेस्ट

आज 17 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. हालांकि पिछले 24 घंटे में लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत ज्यादातर शहरों में मौसम साफ रहा.

वाराणसी के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात यूपी से गुजरने के बाद कमजोर हो गया है. चार दिन तक हुई बारिश अब थमने लगी है. अगले 24 घंटे में बारिश का असर काफी कम होने की संभावना है. नेपाल सीमा से सटे तराई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. अक्टूबर की शुरुआत में प्रदेश में मौसम साफ रहने और तेज धूप निकलने का अनुमान है.