अंबाला के बराड़ा क्षेत्र के चर्चित अमनदीप कौर हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी संदीप कुमार को चार दिन की रिमांड के बाद अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
अनिल शर्मा, अंबाला। जिले के बराड़ा क्षेत्र के बहुचर्चित अमनदीप कौर मर्डर कांड में पुलिस ने गहन कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप कुमार को चार दिन के पुलिस रिमांड के बाद रविवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कार को हिमाचल प्रदेश के पौंटा साहिब से बरामद कर लिया है। बराड़ा थाना प्रभारी सुरिन्द्र सिंह ने बताया कि संदीप कुमार ने यह पुरानी कार हाल ही में खरीदी थी, जिसकी पुष्टि कार डीलर से पूछताछ कर ली गई है। इसके अलावा पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या वाले स्थान के पास से ही उसने शव को पैक करने के लिए बैग खरीदा था।
लाश को लपेटकर रेहड़ी से कार तक ले गया आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि जब युवती की जहर के प्रभाव से मौत हो गई, तो वह घबरा गया। इसके बाद उसने आनन-फानन में लाश को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। वह बाजार से एक बड़ा बैग और कपड़ा खरीदकर लाया। आरोपी ने अकेले ही पहले शव को कपड़े में लपेटा और फिर उसे बड़े बैग में पैक किया। इसके बाद वह एक रेहड़ी चालक को बुलाकर लाया। नशे की हालत में मौजूद रेहड़ी चालक को ₹100 की मजदूरी देकर उसने बैग को कमरे से नीचे उतरवाया और रेहड़ी पर लादकर जनकपुरी स्थित विश्वकर्मा मंदिर के पास खड़ी अपनी कार तक पहुंचाया। पुलिस ने रेहड़ी चालक से सख्ती से पूछताछ की है, लेकिन वारदात में उसकी कोई संलिप्तता नहीं पाई गई, जिसके बाद अदालत में उसके बयान दर्ज करवाए गए हैं।
यमुनानगर से पेट्रोल खरीदकर पौंटा साहिब के जंगलों में जलाई लाश
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी संदीप कुमार कार में शव को रखकर बराड़ा से यमुनानगर की तरफ निकल गया। रास्ते में उसने साक्ष्यों को मिटाने के लिए लाश को जलाने का प्लान बनाया और यमुनानगर के एक पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदा, जिसकी तस्दीक पुलिस ने पेट्रोल पंप स्टाफ से कर ली है। इसके बाद वह हिमाचल प्रदेश के पौंटा साहिब के जंगलों में पहुंचा और शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। हालांकि, लाश पूरी तरह नहीं जल पाई और उसका आधा-अधूरा जला हुआ हिस्सा ही बचा। हिमाचल प्रदेश के नाहन में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है, जिसकी बिसरा रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की अंतिम पुष्टि होगी।
फोरेंसिक जांच जारी और मृतका की अंतिम अरदास आज
बराड़ा थाना पुलिस के अनुसार, युवती को जो जहर दिया गया था, उसकी प्रकृति और मात्रा का सटीक पता लगाने के लिए विसरा और अन्य सैंपल को फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) भेजा गया है। फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि कौन सा जहर कितनी मात्रा में दिया गया था। पुलिस की अब तक की तफ्तीश में इस पूरी वारदात में संदीप कुमार के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने नहीं आई है। वहीं, इस दुखद घटना के बाद सोमवार को मृतका अमनदीप कौर की आत्मिक शांति के लिए उनके पैतृक घर बराड़ा गांव में अंतिम अरदास का आयोजन किया जा रहा है।

