सोनीपत। अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया के पहले ही दिन तकनीकी खामी सामने आ गई। मॉडल टाउन स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में बुधवार को ऑनलाइन पंजीकरण और बायोमीट्रिक प्रक्रिया शुरू होनी थी, लेकिन सर्वर डाउन रहने के कारण यह प्रक्रिया शुरू ही नहीं हो सकी। इसके चलते सुबह से लाइन में लगे श्रद्धालुओं को घंटों इंतजार के बाद बिना पंजीकरण कराए वापस लौटना पड़ा।
सुबह 8 बजे से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु बैंक पहुंचने लगे थे। कई लोग चार से पांच घंटे तक सर्वर ठीक होने का इंतजार करते रहे, लेकिन दोपहर तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इससे लोगों में नाराजगी और निराशा देखने को मिली।
श्रद्धालुओं को पहले मेडिकल जांच करानी होगी
अमरनाथ यात्रा इस वर्ष 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी। यात्रा पर जाने के लिए पंजीकरण अनिवार्य है। इसके लिए श्रद्धालुओं को पहले मेडिकल जांच करानी होती है, जिसके बाद बैंक में जाकर पंजीकरण और बायोमीट्रिक प्रक्रिया पूरी करनी होती है।
नियमों के अनुसार 13 वर्ष से कम और 70 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों का पंजीकरण नहीं किया जाता। पंजीकरण के लिए मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और आधार कार्ड की प्रति जरूरी होती है। प्रति व्यक्ति 150 रुपये शुल्क भी निर्धारित किया गया है।
सर्वर ठप होने के कारण लोग हुए निराश
बैंक में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि पहले ही दिन इस तरह की तकनीकी समस्या से उन्हें काफी परेशानी हुई। कई लोग दूर-दराज के इलाकों से आए थे, लेकिन सर्वर ठप होने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
बैंक प्रबंधन का कहना है कि सर्वर की समस्या जल्द ही ठीक कर ली जाएगी और पंजीकरण प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी जाएगी।

