ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी के विकास को गति देने के लिए प्रत्येक वार्ड को एक करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। साथ ही शहर में सीसीटीवी निगरानी और ई-लाइब्रेरी जैसी आधुनिक सुविधाओं पर जोर दिया।

अनिल शर्मा, चंडीगढ़/अंबाला। प्रदेश के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी के सर्वांगीण विकास के लिए एक बड़ी घोषणा की है। उन्होंने नगर परिषद के सभी 32 वार्डों में विकास कार्यों को नई गति देने के लिए प्रति वार्ड एक-एक करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। चण्डीगढ़ में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने स्पष्ट किया कि पार्षद अपने-अपने वार्ड की आवश्यकताओं के अनुसार प्रस्ताव तैयार करेंगे, जिसके बाद यह बजट शीघ्र जारी किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर सड़कों, बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं को प्रभावी ढंग से मजबूत करना है, ताकि आम नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिल सके।

आधुनिक सुविधाओं और ई-लाइब्रेरी का निर्माण

बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए अनिल विज ने सुभाष पार्क में अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसे डिजिटल शिक्षण और आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इसके साथ ही रामबाग रोड पर प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और सुभाष पार्क में स्क्वैश कोर्ट के कॉन्सेप्ट डिजाइन पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजनाओं का निर्माण भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाए। साथ ही, नन्हेड़ा, मिलाप नगर और रांगिया मंडी जैसे क्षेत्रों में सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी।

सुरक्षा के लिए CCTV और नई इमारत

अंबाला छावनी की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए मंत्री ने व्यापक स्तर पर सीसीटीवी कैमरे लगाने पर विशेष बल दिया। इसके लिए लगभग 10 करोड़ रुपये की एक परियोजना तैयार की गई है, जिसे सरकार के पास स्वीकृति हेतु भेजा जाएगा। इसके अलावा, नगर परिषद के नए भवन के निर्माण को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। अनिल विज ने कहा कि यह भवन आधुनिक सुविधाओं और प्रशासनिक सेवाओं के विस्तार को ध्यान में रखकर बनाया जाना चाहिए। बैठक में अधिकारियों को सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए ताकि शहर के विकास में कोई बाधा न आए।