हरियाणा के अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 11 बच्चों को बाल तस्करी से बचाया है। यह पूरी कार्रवाई कर्मभूमि एक्सप्रेस में खुफिया इनपुट के आधार पर की गई।
हरियाणा। के अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर वीरवार को रेलवे सुरक्षा बल (RPF), एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और एक सामाजिक संस्था की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित बाल तस्करी के मामले का भंडाफोड़ किया। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में कर्मभूमि एक्सप्रेस से 11 बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। यह कार्रवाई रेलवे के ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार सुरक्षा एजेंसियों को पहले ही खुफिया इनपुट मिला था कि ट्रेन नंबर 12407 कर्मभूमि एक्सप्रेस के जरिए बच्चों को संदिग्ध परिस्थितियों में ले जाया जा रहा है। जैसे ही दोपहर 1:37 बजे ट्रेन अंबाला कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 06 पर पहुंची, पहले से तैनात संयुक्त टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया और ट्रेन के अलग-अलग कोचों में एक साथ सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
तलाशी के दौरान टीम ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों और बच्चों से पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी 11 बच्चों को सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर उतार लिया गया। शुरुआती जांच के बाद बच्चों को काउंसिलिंग और आवश्यक कागजी कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति के सुपुर्द किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस मामले से जुड़े संभावित तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

