अंबाला के नारायणगढ़ में पुलिस और ड्रग्स विभाग ने एक अवैध कॉस्मेटिक फैक्ट्री को पकड़ा है, जहां आठवीं पास व्यक्ति नामी ब्रांड्स के नकली उत्पाद बना रहा था।

अंबाला। जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने सौंदर्य उत्पाद बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मुंबई हाईकोर्ट के आदेश पर गठित टीम, स्थानीय पुलिस और औषधि नियंत्रण अधिकारी हेमंत ग्रोवर की मौजूदगी में नंदूवाली स्थित इस ठिकाने पर छापेमारी की गई। मौके से भारी मात्रा में नामी कंपनियों के नकली उत्पाद, मशीनें, खाली बोतलें और रैपर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेश कुमार निवासी जनकपुरी, अंबाला कैंट के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

बिना लाइसेंस के चल रहा था अवैध धंधा

जांच टीम की छापेमारी में यह बात सामने आई कि आरोपी सुरेश कुमार के पास कॉस्मेटिक उत्पाद बनाने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। फैक्ट्री में उत्पादों के निर्माण, बैच नंबर, कच्चे माल की खरीद या वितरण से जुड़ा कोई भी आधिकारिक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था। चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़ा गया आरोपी महज आठवीं पास है और उसके पास सौंदर्य उत्पाद तैयार करने का कोई मास्टर फॉर्मूला भी नहीं था। वह केवल नामी कंपनियों के ब्रांड नेम और नकली लेबल का इस्तेमाल कर बाजार में अवैध रूप से माल सप्लाई कर रहा था।

मौके से भारी मात्रा में सामान जब्त

पुलिस जांच अधिकारी एएसआई सुशील कुमार के अनुसार, आरोपी पिछले एक साल से इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहा था। टीम ने मौके से 18 प्रकार के तैयार और अर्ध-निर्मित सौंदर्य प्रसाधन, पैकिंग सामग्री, खाली बोतलें और ढक्कन जब्त किए हैं, जिन्हें दो बड़े बॉक्स में सील किया गया है। इन सभी सील किए गए सामानों पर विभाग की मुहर लगाई गई है। पुलिस ने जांच के लिए कॉस्मेटिक्स के कुछ सैंपल भी एकत्र किए हैं और आरोपी से इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।