अम्बाला की सिविल सर्जन डॉ. रेनू बेरी ने भीषण गर्मी और जल जनित रोगों के खतरे को देखते हुए सभी सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों को अलर्ट रहने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। आपातकालीन विभागों को दवाओं, ओआरएस और बेड की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

अनिल शर्मा,अंबाला। गर्मी के बढ़ते प्रकोप और जल जनित रोगों की आशंका को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. रेनू बेरी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने जिले के सभी सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों को विशेष सुझाव एवं दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया है कि सभी अस्पतालों के इमरजेंसी विभाग को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा जाए। यदि किसी भी संस्थान में हीट वेव यानी लू या दूषित पानी से होने वाली बीमारियों के मरीज आते हैं, तो उनके त्वरित उपचार के लिए आवश्यक दवाइयां, बेड, ओआरएस और पीने के पानी के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए।

बीमारियों की तुरंत सूचना देने के निर्देश

सिविल सर्जन ने निर्देश दिए हैं कि यदि किसी एक क्षेत्र से टाइफाइड, दस्त, उल्टी, हेपेटाइटिस, पीलिया या तेज बुखार के 5 या उससे अधिक मरीज आते हैं, तो इसकी सूचना तुरंत सिविल सर्जन कार्यालय को दी जाए। सभी प्राइवेट क्लिनिक, अस्पताल, लेबोरेटरी और फार्मेसी को किसी भी नोटीफाईबल डिजीज़ की जानकारी तुरंत आधिकारिक ईमेल [email protected] या मोबाइल नंबर 9813059474 पर साझा करनी होगी। पिछले सप्ताह तोपखाना अम्बाला छावनी, गांव जफ्रपुर और जण्डली एरिया से पीलिया, उल्टी और दस्त के मरीजों की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद वहां स्वास्थ्य विभाग ने कैंप लगाकर पानी के सैंपल लिए और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

प्रभावित इलाकों में चलेगा विशेष अभियान

डॉ. रेनू बेरी ने पीएचईडी (PHED) विभाग से जिला के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में पीने के पानी की दैनिक स्तर पर सघन जांच करने का अनुरोध किया है। इसके तहत पानी में क्लोरीन की मात्रा और पाइप लाइनों के लीकेज की नियमित चेकिंग की जाएगी। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा इंडस्ट्रियल एरिया, ईंट भट्टों और अर्बन स्लम बस्तियों में हीट वेव तथा वाटर बोर्न डिजीज की रोकथाम के लिए एक विशेष जागरूकता और जांच अभियान चलाया जाएगा। सिविल सर्जन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतें और केवल क्लोरिनेटिड या शुद्ध पानी का ही सेवन करें।