अंबाला में आठ युवाओं को ऑस्ट्रेलिया का वर्क परमिट दिलाने के नाम पर 45.60 लाख रुपये की बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने जालसाजी और ठगी के आरोप में चार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अंबाला। विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने आठ युवकों को ऑस्ट्रेलिया का वर्क परमिट दिलाने का झांसा देकर 45.60 लाख रुपये हड़पने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने मोटी रकम ऐंठने के लिए फर्जी वीजा, हवाई टिकट और नकली मेडिकल रिपोर्ट का सहारा लिया।
ऐसे शुरू हुई बातचीत
सौंडा कॉलोनी की रहने वाली काजल राणा ने पुलिस अधीक्षक को इस मामले की लिखित शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि साल 2024 में विदेश से वापस आने के बाद उन्होंने जंडली गांव में ‘फ्लाई टू सक्सेस’ नाम से एक इमिग्रेशन और स्टडी वीजा का दफ्तर शुरू किया था। इसी दौरान उनके पति के दोस्त हेमंत राजपूत उर्फ मोगली ने उनकी मुलाकात अपने साले हरभजन सिंह से करवाई थी।
कमीशन का दिया लालच
पीड़िता के मुताबिक हरभजन सिंह ने दावा किया था कि वह अपने साथी चिराग और शिवानी के साथ मिलकर लोगों को वर्क परमिट पर विदेश भेजने का काम करता है। उसने ऑस्ट्रेलिया का वीजा लगवाने का भरोसा देते हुए कहा कि प्रत्येक सफल वीजा पर एक लाख रुपये का कमीशन दिया जाएगा। इसके साथ ही वीजा न लगने की स्थिति में पूरी रकम सुरक्षित वापस करने का भी वादा किया गया था।
किश्तों में दिए लाख रुपये
इस भरोसे में आकर शिकायतकर्ता ने फरवरी से दिसंबर 2025 के बीच कुल आठ युवाओं की फाइलें आरोपियों को सौंप दीं। इन सभी फाइलों के एवज में अलग-अलग किश्तों के माध्यम से नकद और बैंक ट्रांसफर के जरिए कुल 45.60 लाख रुपये आरोपियों को दिए गए। इसके बाद आरोपियों ने व्हाट्सएप पर ऑस्ट्रेलिया के वीजा, हवाई टिकट, ई-मेल और मेडिकल रिपोर्ट से जुड़े दस्तावेज भेजे।
जांच में खुली पोल
जब पीड़िता ने व्हाट्सएप पर मिले इन सभी दस्तावेजों की ऑनलाइन जांच करवाई, तो वे पूरी तरह से जाली पाए गए। इसके बाद जब आरोपियों से पैसे वापस करने की मांग की गई, तो वे लगातार बहानेबाजी करने लगे। शिकायत के अनुसार 20 दिसंबर 2025 को हरभजन सिंह को रकम वापसी की बात करने के लिए बुलाया गया था, जहां हेमंत राजपूत और उसकी पत्नी ने पैसे लौटाने की जिम्मेदारी ली थी, लेकिन बाद में सभी ने अपने फोन बंद कर लिए और संपर्क तोड़ दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

