अंबाला लोकसभा सांसद वरुण चौधरी और मुलाना विधायक पूजा की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मारकंडा नदी पर जलभराव की समस्या को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई।
अनिल शर्मा, अंबाला। लोकसभा क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर आज सांसद वरुण चौधरी की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मारकंडा नदी मुलाना पर एक जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान आम जनता के भारी समर्थन से एक विशाल हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसके माध्यम से प्रदेश सरकार का ध्यान इस ज्वलंत समस्या की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में स्थानीय मुलाना विधायक पूजा मुख्य रूप से मौजूद रहीं, जबकि मंच का सफल संचालन कांग्रेस जिला अध्यक्ष दुष्यंत चौहान द्वारा किया गया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि मानसून का मौसम बेहद नजदीक आ चुका है, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन द्वारा अभी तक नदियों, ड्रेनों और नालों की समुचित सफाई एवं खुदाई का कार्य शुरू नहीं कराया गया है।
रेत को मिट्टी बताकर राजस्व का नुकसान
सांसद वरुण चौधरी ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि क्षेत्र में जलभराव के कारण हर वर्ष आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन सरकार और प्रशासनिक अधिकारी इस ओर कोई गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने खुलासा किया कि क्षेत्र में अधिकतर लोगों के घर मारकंडा नदी से निकलने वाले रेत से बने हैं, परंतु सरकार इस कीमती रेत को महज मिट्टी बता रही है। सरकार ने नदी की खुदाई के लिए जो टेंडर जारी किया है, वह रेत की जगह मिट्टी का दर्शाया गया है। इससे साफ जाहिर होता है कि इस प्रक्रिया के जरिए प्रदेश के राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

केवल एक पोकलेन मशीन से काम नाकाफी
गत वर्षों में क्षेत्र में आई बाढ़ का जिक्र करते हुए सांसद ने कहा कि इस आपदा से आम जनमानस के जान-माल, पशुधन और व्यापारी वर्ग का भारी नुकसान हुआ था। सरकार को मानसून सीजन आने से पहले सतर्क होकर मारकंडा, बेगना, घग्गर, टांगरी और सोम सहित अन्य सभी प्रमुख नदियों की खुदाई का काम युद्धस्तर पर पूरा करना चाहिए था। मगर धरातल पर स्थिति यह है कि मारकंडा नदी में खुदाई के लिए केवल एक पोकलेन मशीन लगाई गई है, जो वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए बेहद नाकाफी है। इस सुस्त रफ्तार के कारण आगामी बरसात में दोबारा रिहायशी क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
समाधान न होने पर चंडीगढ़ पैदल मार्च
इस मौके पर मुलाना विधायक पूजा ने कहा कि उन्होंने स्वयं विधानसभा में इस समस्या को पुरजोर ढंग से उठाया था। वहीं सांसद वरुण चौधरी ने भी मुख्यमंत्री हरियाणा को पत्र लिखकर इस संबंध में जरूरी सुझाव दिए थे, लेकिन अभी तक सरकार की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। अंत में सांसद ने सरकार को कड़ी चेतावनी दी कि यदि मानसून शुरू होने से पहले सभी ड्रेनों और नालों की तत्काल सफाई नहीं करवाई गई, तो वह क्षेत्र की जनता के हितों के लिए चंडीगढ़ तक पैदल मार्च करने को विवश होंगे। इस अवसर पर पूर्व सूचना आयुक्त अशोक मेहता सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

