अंबाला के मुलाना थाना क्षेत्र में एनएच-344 स्थित हेमामाजरा कट के पास एक होटल के बाहर शराब पीने को लेकर शुरू हुए विवाद में मारपीट के दौरान पूर्व मर्चेंट नेवी कर्मी राजेश की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मुख्य आरोपी अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

अंबाला। जिले के मुलाना थाना अंतर्गत एनएच-344 पर स्थित हेमामाजरा कट के पास एचआर-54 होटल के बाहर 24 जुलाई की रात शराब पीने के दौरान हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान मारपीट में बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज कर गांव होली निवासी आरोपी अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

शराब पीने के दौरान हुआ विवाद

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, गांव होली निवासी साहिल उर्फ शेंकी 24 जुलाई की रात करीब 9 बजे अपने साथी अनिल उर्फ बंटी के साथ संगम ढाबे पर खाना खाने जा रहा था। हेमामाजरा कट के पास गाड़ी रोकने पर वहां मौजूद गंगनपुर निवासी बलराम के साथ शराब पीने के दौरान कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। इसके बाद साहिल ने अपने ताऊ के बेटे राजेश कुमार को फोन करके मौके पर बुलाया।

साहिल की सूचना पर राजेश अपने साथी शीशपाल के साथ मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा। वहां पहुंचते ही बलराम, राजेश और अनिल के बीच मारपीट होने लगी, जबकि शीशपाल बीच-बचाव करने का प्रयास करता रहा।

कार में तोड़फोड़ और मारपीट

रात करीब 11 बजे शिकायतकर्ता का भतीजा विशाल अपनी कार से वहां पहुंचा और अपने भाई बलराम से मारपीट की बात कहते हुए राजेश से उलझ गया। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट बढ़ गई और इस दौरान कार के शीशे तोड़ दिए गए। घटना के बाद शीशपाल कार लेकर मुलाना ओवरब्रिज के रास्ते अस्पताल की तरफ निकल गया।

रात लगभग 11:50 बजे जब शीशपाल ने राजेश को फोन किया, तो किसी राहगीर ने फोन उठाकर बताया कि राजेश बराड़ा-दोसड़का रोड पर डॉक्टर चौहान की दुकान के पास बेहोश पड़ा है। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मर्चेंट नेवी छोड़ शुरू की थी खेती

मृतक राजेश कुमार पूर्व में मर्चेंट नेवी में कार्यरत था और करीब दो साल पहले नौकरी छोड़कर गांव में खेतीबाड़ी करने लगा था। वह अपने पीछे पत्नी और एक बेटे को छोड़ गया है।

मुलाना थाना प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर विशाल कुमार, बलराम, संजू और अनिल कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी अनिल कुमार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।