अंबाला। अंबाला शहर नगर निगम चुनाव कल आयोजित होने जा रहे हैं। इस चुनाव में 65 नगर निगम सदस्य और 3 मेयर पद के प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। आज सभी 191 बूथों के लिए पोलिंग पार्टियों को ईवीएम मशीनें और चुनाव सामग्री उपलब्ध करा दी गई।
191 बूथों पर कल मतदान
इस संबंध में अंबाला पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 191 बूथों पर मतदान होगा। सभी बूथों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कुछ बूथों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, जहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चार रिजर्व बटालियन और एक कमांडो बटालियन को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है। इसके अलावा सभी डीएसपी और SHO अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करेंगे ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न बने और मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
1000 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
करीब एक हजार पुलिसकर्मी चुनाव ड्यूटी पर लगाए गए हैं। बॉर्डर क्षेत्रों में विशेष नाके भी स्थापित किए गए हैं ताकि निगरानी और सख्ती बनी रहे। इसके साथ ही 10 स्थानों पर 35 क्रिटिकल बूथ चिन्हित किए गए हैं, जहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
प्रशासन का कहना है कि पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाएगा।

