अम्बाला जिला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए फर्जी वीजा और विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये हड़पने वाले दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है।

अनिल शर्मा, अंबाला। जिला पुलिस ने कबूतरबाजी और धोखाधड़ी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये हड़पने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीमों ने दो अलग-अलग मामलों में मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से और दूसरे को पंजाब से काबू किया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि आरोपियों से ठगी गई मोटी राशि की रिकवरी की जा सके और उनके पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।

नग्गल क्षेत्र में 37.60 लाख की ठगी का मुख्य आरोपी

पहले मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए आर्थिक अपराध शाखा (EOW) के निरीक्षक परमवीर ने बताया कि कंगवाल निवासी शिकायतकर्ता अमरीक सिंह ने 12 सितंबर 2025 को पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी फरेन्चीज नाहर (निवासी जालंधर, पंजाब) ने उनके भाई को सुनहरे भविष्य और विदेश भेजने का झांसा दिया था। आरोपी ने अगस्त 2024 से अगस्त 2025 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 37 लाख 60 हजार रुपये ठग लिए। इतनी बड़ी रकम ऐंठने के बावजूद आरोपी ने न तो पीड़ित को विदेश भेजा और न ही उसकी राशि वापस लौटाई। अम्बाला पुलिस ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जाल बिछाकर मुख्य आरोपी को मुंबई से धर दबोचा।

फर्जी वीजा और टिकट थमाने वाला आदतन अपराधी कर्णदीप उर्फ हैरी भी गिरफ्तार

दूसरे मामले में थाना बलदेव नगर के अंतर्गत आने वाले जग्गी गार्डन निवासी मनोज ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के मुताबिक, विकास विहार में आरोपी कर्णदीप सिंह उर्फ हैरी (निवासी एस.ए.एस. नगर, पंजाब) व उसके साथियों ने उसे विदेश भेजने के नाम पर झांसा दिया और बाद में फर्जी वीजा और जाली हवाई टिकट थमाकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की। पुलिस की गहन जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी कर्णदीप सिंह उर्फ हैरी एक आदतन अपराधी है, जिस पर मोहाली, यमुनानगर, फतेहाबाद और अम्बाला के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी और ट्रेवल एजेंट फ्रॉड के करीब 10 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

रिमांड के दौरान होगी गहन पूछताछ, केवल अधिकृत एजेंसियों से ही करें संपर्क

जिला पुलिस प्रशासन ने आम जनता से बेहद भावुक और सतर्क रहने की अपील की है कि वे सुनहरे भविष्य के लालच में आकर किसी भी अनजान या अनधिकृत व्यक्ति को अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई और मोटी रकम न सौंपें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विदेश जाने के इच्छुक नागरिक केवल भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त और अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से ही संपर्क करें। रिमांड अवधि के दौरान दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जाएगी ताकि इस पूरे गिरोह में शामिल अन्य सह-आरोपियों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने जनता से कहा है कि किसी भी संदिग्ध ट्रेवल एजेंट की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में दें।