अंबाला। हरियाणा के अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर चलती मालवा एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश कर रहा एक युवक ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। ट्रेन की रफ्तार के साथ वह करीब 15 मीटर तक घसीटता चला गया। मौके पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के दो जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना 3 नवंबर की है। इसका 23 सेकेंड का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12920 मालवा एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-3 से रवाना हो रही थी। इसी दौरान सफेद शर्ट पहने और पीठ पर बैग टांगे एक युवक ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की। तभी उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरा। उसका कमर तक का हिस्सा दोनों के बीच फंस गया।

15 मीटर तक ट्रेन के साथ घसीटता रहा युवक

युवक ट्रेन के साथ घिसटने लगा। यह देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। RPF जवानों और अन्य यात्रियों ने उसे बचाने की कोशिश शुरू की। कुछ ही देर में जवानों ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद ट्रेन को भी रुकवा दिया गया।

RPF कांस्टेबल ने गार्ड को दी सूचना

युवक को बचाने वाले RPF कांस्टेबल अमित यादव ने बताया कि युवक करीब 15 मीटर तक ट्रेन के साथ घसीटता चला गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत ट्रेन के गार्ड को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन रुकवाई गई।

इस दौरान युवक का मोबाइल फोन भी ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गया था। उसे सुरक्षित निकालने के बाद मोबाइल फोन भी वापस दे दिया गया। कांस्टेबल के मुताबिक, युवक को मामूली चोट आई थी। इसके बाद उसे उसी ट्रेन से रवाना कर दिया गया।

23 सेकेंड के CCTV वीडियो में दिखा हादसा

घटना का 23 सेकेंड का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें मालवा एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म से रवाना होती दिखाई दे रही है। इसी दौरान युवक ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करता है, लेकिन पैर फिसलने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस जाता है।

वीडियो में युवक को ट्रेन के साथ घसीटते देख RPF जवान और आसपास मौजूद यात्री उसकी ओर दौड़ते नजर आते हैं। कुछ ही पलों में उसे बाहर निकाल लिया जाता है। जवानों की तत्परता से युवक की जान बच गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m