अंबाला शहर के बलदेव नगर पुल के पास शनिवार तड़के पिकअप पर तिरपाल बांध रहे दो युवकों को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बीरबल नामक युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी विकास घायल हो गया।
अंबाला। शहर के बलदेव नगर इलाके में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पिकअप सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों बारिश से सामान बचाने के लिए वाहन पर तिरपाल बांध रहे थे। टक्कर मारने के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन सहित मौके से भाग निकला।
बारिश के दौरान रोकी थी पिकअप
चंडीगढ़ के मौली जागरा निवासी विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने साथी बीरबल के साथ पिकअप गाड़ी में लखनऊ से दवाइयों का सामान लेकर चंडीगढ़ जा रहा था। शनिवार सुबह करीब पांच बजे जब वे बलदेव नगर ओवरब्रिज से नीचे उतरे तो अचानक बारिश शुरू हो गई। इसके बाद उन्होंने सुल्तानपुर चौक के समीप एक बिजली स्टोर के पास गाड़ी रोक दी और उस पर तिरपाल ढंकने लगे।
पीछे से आई तेज रफ्तार ट्रक
तिरपाल बांधने के दौरान ही पीछे से आ रहे एक तेज गति ट्रक ने उनकी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की ग्रिल से जा टकराई। इस हादसे में बीरबल गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जबकि विकास के सिर और चेहरे पर चोटें आईं।
अस्पताल में डॉक्टर ने घोषित किया मृत
घटना के तुरंत बाद राहगीरों की सहायता से दोनों को इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल अंबाला शहर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बीरबल को मृत घोषित कर दिया। विकास ने पुलिस को बताया कि वह दुर्घटनाग्रस्त करने वाले ट्रक और उसके नंबर को पहचानता है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर फरार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


